गिरिडीह में भाजपा शक्ति प्रदर्शन, प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने संगठन की मजबूती का दिया मंत्र
भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के गिरिडीह आगमन पर जिले में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई।

गिरिडीह में भाजपा शक्ति प्रदर्शन, प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने संगठन की मजबूती का दिया मंत्र
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के गिरिडीह आगमन पर जिले में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई। पपरवाटांड में आयोजित भव्य अभिनंदन समारोह के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे कार्यक्रम स्थल पूरी तरह उत्सव और शक्ति प्रदर्शन का केंद्र बन गया।

समारोह में महानगर जिला अध्यक्ष रंजीत राय ग्रामीण जिला अध्यक्ष महेंद्र वर्मा बगोदर विधायक नागेंद्र महतो, जमुआ विधायक डॉ. मंजू कुमारी, गिरिडीह के पूर्व विधायक निर्भय कुमार शाहाबादी, गांडेय के पूर्व विधायक प्रो. जयप्रकाश वर्मा जिला परिषद अध्यक्ष मुनिया देवी, प्रोफेसर विनीता कुमारी, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप वर्मा, पूर्व महापौर सुनील पासवान,नुनु लाल मरांडी चुन्नू कांत,सांसद प्रतिनिधि दिनेश यादव युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष मिथुन चंद्रवंशी सहित कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं, नारों और गर्मजोशी के साथ प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया।

कार्यक्रम से पूर्व आदित्य साहू ने स्वामी विवेकानंद और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर सामाजिक समरसता और प्रेरणा के संदेश को आगे बढ़ाया।

अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष ने संगठन की भूमिका पर विशेष जोर देते हुए कहा कि भाजपा की असली ताकत उसका कार्यकर्ता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता से सीधा संवाद स्थापित करें, सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं और संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाएं।

उन्होंने कहा कि भाजपा में अवसर और जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं के समर्पण और परिश्रम के आधार पर मिलती है, जिससे संगठन लगातार आगे बढ़ रहा है।

कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह और जोश देखने को मिला, वहीं पूरे आयोजन में संगठनात्मक एकजुटता और आगामी राजनीतिक रणनीति की झलक भी साफ नजर आई।



