JPSC-JSSC परीक्षा अनियमितताओं के विरोध में अभाविप का हस्ताक्षर अभियान, पारदर्शी जांच की उठी मांग
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की गिरिडीह नगर इकाई ने शनिवार को झारखंड में JPSC एवं JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में आर.के. महिला महाविद्यालय, गिरिडीह परिसर में व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाया।

JPSC-JSSC परीक्षा अनियमितताओं के विरोध में अभाविप का हस्ताक्षर अभियान, पारदर्शी जांच की उठी मांग
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की गिरिडीह नगर इकाई ने शनिवार को झारखंड में JPSC एवं JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में आर.के. महिला महाविद्यालय, गिरिडीह परिसर में व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाया। अभियान में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लेकर परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।

अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने हस्ताक्षर कर परीक्षा प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया तथा निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। विद्यार्थियों ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता से लाखों युवाओं का भविष्य जुड़ा है, इसलिए किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जा सकती।

अभाविप के विभाग संयोजक विजय ओझा ने कहा कि यदि जल्द ही JPSC एवं JSSC से जुड़े मामलों में उचित कार्रवाई नहीं की गई तो विद्यार्थी परिषद राज्यव्यापी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि छात्र हितों की रक्षा के लिए संगठन लगातार संघर्ष करता रहेगा।
जिला संयोजक नीरज चौधरी ने राज्य सरकार से JPSC एवं JSSC से जुड़े सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की मांग की, ताकि छात्रों का भविष्य सुरक्षित रह सके और प्रतियोगी परीक्षाओं में युवाओं का विश्वास बना रहे।
इस अवसर पर अभाविप के SFS सह संयोजक अनीश रॉय, बिपुल राय, प्रिंस सिंह, सुमन कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।



