46 परीक्षा केंद्रों पर 32 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने दी JTET-2026 की परीक्षा, प्रशासन की कड़ी निगरानी में शांतिपूर्ण संपन्न
झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET)-2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए रविवार को गिरिडीह जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। जिले के 46 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में कुल 32,041 अभ्यर्थी शामिल हुए।

46 परीक्षा केंद्रों पर 32 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने दी JTET-2026 की परीक्षा, प्रशासन की कड़ी निगरानी में शांतिपूर्ण संपन्न
डीडीसी स्मृता कुमारी समेत वरीय अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, कंट्रोल रूम से सभी केंद्रों पर रखी गई नजर
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET)-2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए रविवार को गिरिडीह जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। जिले के 46 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में कुल 32,041 अभ्यर्थी शामिल हुए। परीक्षा के दौरान सुरक्षा और निगरानी की पुख्ता व्यवस्था की गई थी। वहीं, किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए जिला प्रशासन ने लगातार निगरानी बनाए रखी।

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव के निर्देश पर उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, अपर समाहर्ता वैभव कुमार सिंह समेत अन्य वरीय अधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने केंद्रों पर पहुंचकर अभ्यर्थियों के प्रवेश, जांच प्रक्रिया, परीक्षा संचालन और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

कंट्रोल रूम से 46 केंद्रों की निगरानी
परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला स्तर पर संयुक्त जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया था। यहां डीडीसी स्मृता कुमारी, अपर समाहर्ता और जिला शिक्षा अधीक्षक समेत अन्य वरीय अधिकारी लगातार मौजूद रहकर सभी 46 परीक्षा केंद्रों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थे। केंद्रों से मिलने वाली सूचनाओं की नियमित समीक्षा की जा रही थी, ताकि किसी भी तरह की समस्या या अनियमितता सामने आने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

सीसीटीवी से निगरानी, पुलिस और दंडाधिकारी रहे तैनात
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की भी जांच की। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे सक्रिय पाए गए। अभ्यर्थियों की जांच पुलिस और दंडाधिकारियों की मौजूदगी में की गई। केंद्राधीक्षकों, वीक्षकों और प्रतिनियुक्त अधिकारियों को पूरी सतर्कता और निष्पक्षता के साथ जिम्मेदारी निभाने का निर्देश दिया गया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की पारदर्शिता और शुचिता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। कदाचार, अनियमितता अथवा लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासन की सतत निगरानी और बेहतर समन्वय के बीच गिरिडीह जिले के सभी 46 परीक्षा केंद्रों पर JTET-2026 की परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई। परीक्षा समाप्त होने तक सुरक्षा और निगरानी की व्यवस्था प्रभावी बनी रही।



