37 वर्षों की सेवा के बाद प्रकाश कुमार मिश्र हुए सेवानिवृत्त, हुआ भावपूर्ण विदाई समारोह
पंजाब नेशनल बैंक में सहायक महाप्रबंधक के पद पर कार्यरत प्रकाश कुमार मिश्र 37 वर्षों की लंबी और सफल सेवा के बाद आज सेवानिवृत्त हो गए।

37 वर्षों की सेवा के बाद प्रकाश कुमार मिश्र हुए सेवानिवृत्त, हुआ भावपूर्ण विदाई समारोह
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : पंजाब नेशनल बैंक में सहायक महाप्रबंधक के पद पर कार्यरत प्रकाश कुमार मिश्र 37 वर्षों की लंबी और सफल सेवा के बाद आज सेवानिवृत्त हो गए। उनके सेवामुक्ति के अवसर पर परिवारजनों और सहकर्मियों की ओर से पेठियाटांड़ स्थित आवास पर भावपूर्ण विदाई समारोह आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पीएनबी बोकारो डिवीजन के हेड राजेश श्रीवास्तव अपनी पत्नी के साथ उपस्थित हुए। समारोह की शुरुआत श्री मिश्र का पुष्प वर्षा, आरती और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित करने के साथ हुई। इसके बाद उन्होंने सहकर्मियों और परिजनों के साथ केक काटकर अपने सेवा-काल की यादगार यात्रा को साझा किया।
सेवानिवृत्ति के भावुक क्षणों में प्रकाश कुमार मिश्र ने कहा,
“पंजाब नेशनल बैंक देश का दूसरा सबसे बड़ा बैंक है, जो अपने ग्राहकों को विश्वसनीय और गुणवत्तापूर्ण सेवा प्रदान करता है। इस संस्था में 37 वर्ष के दौरान मुझे बहुत कुछ सीखने और समाज के लिए काम करने का अवसर मिला।”

मुख्य अतिथि एवं डिवीजन हेड राजेश श्रीवास्तव ने गिरिडीह शहर और पीएनबी की स्थानीय शाखाओं की सराहना करते हुए कहा,
“गिरिडीह एक सुंदर और संभावनाओं से भरा शहर है। पीएनबी यहां वर्षों से उत्कृष्ट कार्य कर रही है, जिसका नतीजा है कि जिले में अब कुल 6 शाखाएँ संचालित हो रही हैं। कालीबाड़ी स्थित शाखा सबसे पुरानी और विदेशी लेनदेन के लिए अधिकृत शाखा है।”
उन्होंने आगे बताया कि पंजाब नेशनल बैंक ग्राहकों को अनेक आधुनिक और लाभकारी सुविधाएँ प्रदान कर रहा है। प्रमुख रूप से बैंक की मुफ्त जीवन बीमा योजना के तहत खाता खोलने वाले ग्राहकों को 50 लाख रुपए तक का बीमा कवरेज निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में सभी सहकर्मियों और परिजनों ने प्रकाश कुमार मिश्र को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।




