37वाँ श्री देवराहा बाबा संगीत समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न
गिरिडीह, संगीत साधना केन्द्र, गिरिडीह के तत्वावधान में आयोजित 37वें श्री देवराहा बाबा संगीत समारोह का भव्य एवं सफल आयोजन

37वाँ श्री देवराहा बाबा संगीत समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न
अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने देर रात तक बाँधा समाँ
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : संगीत साधना केन्द्र, गिरिडीह के तत्वावधान में आयोजित 37वें श्री देवराहा बाबा संगीत समारोह का भव्य एवं सफल आयोजन बुधवार सायं श्री श्याम सेवा समिति ऑडिटोरियम, गिरिडीह में सम्पन्न हुआ। देश के विभिन्न हिस्सों से आए प्रतिष्ठित कलाकारों ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से शास्त्रीय संगीत प्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में संगीत प्रेमियों की उपस्थिति रही। समारोह की पूर्व घोषणा के अनुरूप देशभर के कलाकारों ने मंच साझा किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू थे। विशिष्ट अतिथियों में लंगटा बाबा स्टील के प्रबंध निदेशक मोहन साव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्थानीय कलाकार सुंगधा रंजन की भावपूर्ण भजन प्रस्तुति से हुआ। इसके पश्चात सुनील केडिया ने अपने मधुर भजनों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

दिल्ली से पधारे युवा हिन्दुस्तानी शास्त्रीय गायक विद्वान वेदांश मोहन ने अपनी प्रभावशाली शास्त्रीय गायन प्रस्तुति से श्रोताओं की भरपूर सराहना अर्जित की। उनके राग-विस्तार, आलाप एवं बंदिशों ने उपस्थित संगीत प्रेमियों को भारतीय शास्त्रीय संगीत की गहराइयों से परिचित कराया।

इसके उपरांत अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त केडिया बंधुओं ने सितार एवं सरोद की अद्भुत जुगलबंदी प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं पंडित अभय रुस्तम सपोरी (संतूर) एवं विदुषी अनुराधा पाल (तबला) की विलक्षण जुगलबंदी समारोह का प्रमुख आकर्षण रही। दोनों कलाकारों ने अपनी लयकारी, तकनीकी दक्षता एवं भावपूर्ण प्रस्तुति से सभागार को देर तक तालियों की गड़गड़ाहट से गुंजायमान रखा।

समारोह में शहर के अनेक गणमान्य नागरिक एवं संगीत प्रेमी उपस्थित थे, जिनमें पंडित शंभू दयाल केडिया, मेयर प्रमिला मेहरा, मनोज केडिया, मोर मुकुट केडिया, चेंबर अध्यक्ष निर्मल झुनझुनवाला, रेड क्रॉस चेयरमैन अरविंद कुमार, श्रवण केडिया, नरेंद्र सिंह, पवन चुड़िवाला, लक्की गोयसरिया तथा sachiv श्री हर्षित केडिया सहित अनेक विशिष्टजन शामिल रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन नीलकमल भरतिया ने किया। समारोह के अंत में आयोजकों ने सभी कलाकारों, अतिथियों, सहयोगियों, प्रायोजकों एवं संगीत प्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भारतीय शास्त्रीय संगीत की इस परंपरा को आगे भी निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।




