13 सितंबर को बनियाडीह में उमड़ेगा जनसैलाब, सुदिव्य सोनू की स्मृति में जुटेंगे हजारों लोग श्रद्धांजलि सभा की तैयारियों का झामुमो-झाकोमयू नेताओं ने लिया जायजा, कार्यकर्ताओं को मिली जिम्मेदारियां
दिवंगत मंत्री सह गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू को श्रद्धांजलि देने के लिए 13 सितंबर रविवार को बनियाडीह में जनसैलाब उमड़ने की तैयारी है।

13 सितंबर को बनियाडीह में उमड़ेगा जनसैलाब, सुदिव्य सोनू की स्मृति में जुटेंगे हजारों लोग
श्रद्धांजलि सभा की तैयारियों का झामुमो-झाकोमयू नेताओं ने लिया जायजा, कार्यकर्ताओं को मिली जिम्मेदारियां
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : दिवंगत मंत्री सह गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू को श्रद्धांजलि देने के लिए 13 सितंबर रविवार को बनियाडीह में जनसैलाब उमड़ने की तैयारी है। झारखंड मुक्ति मोर्चा और झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन के संयुक्त तत्वावधान में बनियाडीह स्थित महाप्रबंधक कार्यालय के सामने मैदान में भव्य श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर गुरुवार को झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह समेत पार्टी और मजदूर संगठन के कई नेताओं ने सभा स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान मंच निर्माण, लोगों के बैठने की व्यवस्था, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी, सुरक्षा व्यवस्था और लोगों की आवाजाही को लेकर तैयारियों का जायजा लिया गया।
नेताओं ने कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। झामुमो नेताओं के अनुसार श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। अनुमान है कि तीन से चार हजार लोग बनियाडीह पहुंचकर दिवंगत सुदिव्य कुमार सोनू को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
इस दौरान नेताओं ने सुदिव्य कुमार सोनू के राजनीतिक सफर और उनके कार्यकाल को याद किया। नेताओं ने कहा कि कम समय में उन्होंने गिरिडीह सहित पूरे राज्य के विकास को गति देने का प्रयास किया और क्षेत्र की जनसमस्याओं को मजबूती से उठाया। उनके निधन से पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम लोगों में भी गहरा शोक है।
श्रद्धांजलि सभा को लेकर झामुमो और झाकोमयू कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं, मजदूरों और आम लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
सभा स्थल के निरीक्षण के दौरान डिप्टी मेयर सह झामुमो नेता सुमित कुमार, अजीत पप्पू, शाहनवाज अंसारी, दिलीप मंडल, कोलेश्वर सोरेन, दिलीप रजक, झाकोमयू के हरगौरी साव छक्कू, तेजलाल मंडल, सुनील यादव, टूना सिंह सहित कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




