129 साल की ऐतिहासिक परंपरा का भव्य उत्सव! 17 से 26 नवंबर तक सजेगा पचंबा गोपाल गौशाला का गोपाष्टमी मेला, मूर्तिघर और नए झूले होंगे खास आकर्षण
पचंबा स्थित श्री गोपाल गौशाला में इस बार आस्था, परंपरा और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। गौशाला का ऐतिहासिक 129वां गोपाष्टमी मेला 17 नवंबर से 26 नवंबर तक आयोजित होगा।

129 साल की ऐतिहासिक परंपरा का भव्य उत्सव! 17 से 26 नवंबर तक सजेगा पचंबा गोपाल गौशाला का गोपाष्टमी मेला, मूर्तिघर और नए झूले होंगे खास आकर्षण
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : पचंबा स्थित श्री गोपाल गौशाला में इस बार आस्था, परंपरा और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। गौशाला का ऐतिहासिक 129वां गोपाष्टमी मेला 17 नवंबर से 26 नवंबर तक आयोजित होगा। मेले को भव्य और यादगार बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। खास बात यह है कि इस बार सुरक्षा व्यवस्था से लेकर सजावट और मनोरंजन तक हर पहलू पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

मेले की तैयारियों को लेकर गुरुवार को गौशाला परिसर में आयोजित बैठक में प्रशासनिक व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण, सीसीटीवी निगरानी, बिजली, अग्निशमन व्यवस्था और सुरक्षा बलों की तैनाती सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। वहीं, मेले में लगने वाले झूलों की सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर भी विशेष रणनीति बनाई गई।
इस बार मेले में विशेष रूप से तैयार किया जा रहा मूर्तिघर आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेगा। इसके अलावा कई नए और आकर्षक झूले भी लोगों को अपनी ओर खींचेंगे। मेले की खूबसूरती बढ़ाने के लिए रानीगंज से फूलों की विशेष सजावट करने वाली टीम बुलाई गई है। वहीं, भारी भीड़ को नियंत्रित करने और लोगों को बेहतर सुविधा देने के लिए वॉलंटियर्स की टीम भी तैनात रहेगी।

मेला कमेटी के संयोजक मुकेश साहू, श्री गोपाल गौशाला के कार्यकारी अध्यक्ष प्रदीप डोकानिया और सचिव प्रवीण बागड़िया ने संयुक्त रूप से बताया कि 129वां गोपाष्टमी मेला केवल मनोरंजन का आयोजन नहीं, बल्कि गिरिडीह की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है। इसे भव्य स्वरूप देने के लिए सुरक्षा, सजावट, झूलों की व्यवस्था और सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर विशेष जोर दिया जा रहा है। 17 से 26 नवंबर तक मेले में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
बैठक में प्रमोद अग्रवाल, बांके बिहारी शर्मा, पवन कंधवे, संजय भदौलिया, राजेश छापरिया, नीलू केडिया, गौतम सोनी, संतोष चौरसिया, इरफान आलम, बिमल केडिया, संजय दंगाइच, अनिल अग्रवाल, अशोक बगड़िया सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
129वें गोपाष्टमी मेले को लेकर पचंबा में उत्साह का माहौल है। अब इंतजार है 17 नवंबर का, जब दस दिनों तक पचंबा का गोपाल गौशाला परिसर आस्था, रोशनी, फूलों की सजावट और मनोरंजन से गुलजार रहेगा।




