Breaking Newsझारखण्डटेक्नोलॉजीताजा खबरदुनियादेशलाइफस्टाइललाइव न्यूज़

हजारीबाग प्रेस क्लब में राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर गोष्ठी आयोजित, वरिष्ठ पत्रकारों ने पत्रकारिता की चुनौतियों, जिम्मेदारियों और पत्रकार एकता पर रखे विचार

राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर हजारीबाग प्रेस क्लब में गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हजारीबाग प्रेस क्लब के अध्यक्ष मुरारी सिंह ने किया।

हजारीबाग प्रेस क्लब में राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर गोष्ठी आयोजित, वरिष्ठ पत्रकारों ने पत्रकारिता की चुनौतियों, जिम्मेदारियों और पत्रकार एकता पर रखे विचार

हजारीबाग : राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर हजारीबाग प्रेस क्लब में गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हजारीबाग प्रेस क्लब के अध्यक्ष मुरारी सिंह ने किया। गोष्ठी में प्रेस क्लब के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे। इस दौरान पत्रकारिता की निष्पक्षता, विश्वसनीयता, तथ्य जांच, पत्रकारों की एकजुटता और वर्तमान समय में मीडिया के सामने आ रही चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रेस क्लब के सचिव दीपक सिंह ने कहा कि पत्रकार का काम हमेशा निष्पक्ष होकर समाज के सामने सच्चाई रखना है। पत्रकारों को आगे भी अपनी इस जिम्मेदारी का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों हजारीबाग में कुछ ऐसी घटनाएं हुई हैं, जिनसे पत्रकारिता की छवि पर सवाल उठ सकते हैं। ऐसे में सभी पत्रकारों को अपनी छवि और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।

वहीं, प्रेस क्लब के पूर्व सचिव विस्मय अलंकार ने कहा कि पत्रकारिता समाज के प्रति एक बड़ी जिम्मेदारी है। किसी भी खबर को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले उसके तथ्यों की पूरी तरह जांच करना आवश्यक है। बिना तथ्यों की पुष्टि किए खबर चलाना उचित नहीं है। पत्रकार को अपने काम में पूरी निष्पक्षता और जिम्मेदारी बनाए रखनी चाहिए। वरिष्ठ पत्रकार अभय सिन्हा ने पत्रकारों के साथ हाल के दिनों में हुई कथित दुर्व्यवहार की घटनाओं पर चिंता जताई और इसका विरोध करने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की एकता और सामूहिक ताकत धीरे-धीरे कमजोर होती जा रही है। इसे बनाए रखने की जिम्मेदारी स्वयं पत्रकारों की है। एकजुटता ही पत्रकारों की सबसे बड़ी ताकत है।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए हजारीबाग प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष सीतेश तिवारी ने भी अपने विचार रखे और पत्रकारिता से जुड़ी जिम्मेदारियों तथा वर्तमान परिस्थितियों पर चर्चा की। कहा कि पत्रकारिता कभी व्यवसाय नहीं बन सकता। वहीं, पत्रकार फैज अनवर ने डिजिटल, इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया के बीच बढ़ते अंतर तथा खबरों को सबसे पहले प्रसारित करने की होड़ पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कई बार ब्रेकिंग न्यूज देने की जल्दबाजी में तथ्य जांच प्रभावित होती है। पत्रकारों को चाहिए कि खबर थोड़ी देर से ही सही, लेकिन पूरी तरह तथ्यों की पुष्टि करने के बाद ही प्रकाशित या प्रसारित करें।

उन्होंने प्रेस क्लब के अध्यक्ष और पदाधिकारियों से समय-समय पर सेमिनार एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने का आग्रह किया, ताकि वरिष्ठ पत्रकारों के लंबे अनुभव और ज्ञान का लाभ नई पीढ़ी के पत्रकारों को मिल सके। गोष्ठी को संबोधित करते हुए प्रेस क्लब के अध्यक्ष मुरारी सिंह ने कहा कि पत्रकारिता की एकता और गरिमा को बनाए रखना सभी पत्रकारों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के सेमिनार और गोष्ठियों के आयोजन का प्रयास करने की बात कही। उन्होंने प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया का उदाहरण देते हुए बताया कि पत्रकारिता से जुड़े मामलों में संबंधित अधिकारी या अन्य पक्ष अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसी तरह पत्रकारों के साथ अन्याय या दुर्व्यवहार होने पर पत्रकार भी अपनी शिकायत प्रेस काउंसिल में रख सकते हैं। प्रेस काउंसिल दोनों पक्षों से सवाल करने के लिए अधिकृत है।

कार्यक्रम के समापन पर अध्यक्ष मुरारी सिंह को गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान सचिव दीपक सिंह, अनिल कुमार राम, प्रदीप कुमार सिन्हा एवं विस्मय अलंकार ने भी उन्हें गुलदस्ता देकर सम्मानित किया। वहीं, सितेश तिवारी की ओर से पौधा और कलम भेंट कर अध्यक्ष का अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष सागर कुमार पांडेय, प्रदीप सिन्हा, अनिल कुमार राम, फैज अनवर, अनुज सिन्हा, रवि कुमार सिंह, अनुज सिंहा, शशांक शेखर सिंह, रवि शर्मा, आशीष कुमार यादव, रुपांशु चौधरी, पुरुषोत्तम उपाध्याय, संजय लाल विस्कर्मा, रूपेश कुमार, उमेश कुमार चौबे सहित अन्य पत्रकार उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button