स्व. नरेंद्र सिन्हा “छोटन” की छठी पुण्यतिथि पर रक्तदान शिविर, 30 यूनिट रक्त संग्रहित l
समाजसेवी एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे स्वर्गीय नरेंद्र सिन्हा "छोटन" की छठी पुण्यतिथि के अवसर पर नरेंद्र सिन्हा मेमोरियल फाउंडेशन के तत्वावधान में सोमवार को बरमसिया स्थित नरेंद्र सिन्हा चिल्ड्रेन पार्क में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

स्व. नरेंद्र सिन्हा “छोटन” की छठी पुण्यतिथि पर रक्तदान शिविर, 30 यूनिट रक्त संग्रहित l
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : समाजसेवी एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे स्वर्गीय नरेंद्र सिन्हा “छोटन” की छठी पुण्यतिथि के अवसर पर नरेंद्र सिन्हा मेमोरियल फाउंडेशन के तत्वावधान में सोमवार को बरमसिया स्थित नरेंद्र सिन्हा चिल्ड्रेन पार्क में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कुल 30 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जो जरूरतमंद मरीजों के उपचार में उपयोग किया जाएगा।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय नरेंद्र सिन्हा “छोटन” के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके सेवा, समर्पण और मानवता के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय नरेंद्र सिन्हा “छोटन” जनसेवा की एक प्रेरणादायी मिसाल थे। कोरोना महामारी के दौरान उन्होंने अपने निजी संसाधनों से लगातार कई महीनों तक प्रतिदिन गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था कराई।

साथ ही विभिन्न राज्यों में फँसे प्रवासी मजदूरों की सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित कराने में भी उल्लेखनीय भूमिका निभाई। उनका जीवन समाजसेवा, करुणा और मानवीय संवेदनाओं का प्रतीक था। उनकी स्मृति में आयोजित रक्तदान शिविर उनके अधूरे सपनों को सेवा के माध्यम से आगे बढ़ाने का प्रयास है।
फाउंडेशन के संयोजक अजय कुमार सिन्हा एवं सचिव बिकाश सिन्हा ने सभी रक्तदाताओं, सहयोगियों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल रक्त का दान नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद को जीवनदान देने का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने स्वस्थ नागरिकों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि फाउंडेशन प्रत्येक वर्ष स्वर्गीय नरेंद्र सिन्हा “छोटन” की जयंती एवं पुण्यतिथि पर जनहित एवं मानव सेवा से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।

कार्यक्रम में गिरिडीह नगर निगम के उप महापौर सुमित कुमार, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष दिनेश यादव, वार्ड पार्षद दीपक यादव, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सतीश केडिया, गिरिडीह बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रकाश सहाय, महासचिव चुन्नूकांत, अंजनी सिन्हा, शुभ सिन्हा, अमित सिन्हा, वैष्णवी नन्द, आदया सिन्हा, अद्विक, आरव, चाँद रशीद, राजा अंसारी, अफरीदी शेख, सतीश कुंदन, अभिषेक सहाय, नरेश वर्मा, उपेंद्र सिंह, आनंद वर्मा, सीए आकाश रौशन, श्रेयांश सौरव, साहिल राज, परिणय सिन्हा, कुंदन यादव, सत्यम यादव सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, फाउंडेशन के सदस्यों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के समापन पर सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने भविष्य में भी रक्तदान एवं अन्य जनकल्याणकारी गतिविधियों के माध्यम से समाज सेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।




