Breaking Newsझारखण्डटेक्नोलॉजीताजा खबरदुनियादेशलाइफस्टाइललाइव न्यूज़

सुदिव्य सोनू के निधन से झारखंड ने खोया चमकता सितारा, कांग्रेस कार्यालय में नम आंखों से दी श्रद्धांजलि

राज्य के दिवंगत मंत्री सह गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन से पूरे गिरिडीह में शोक की लहर है। उनके निधन पर आज जिला कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।

सुदिव्य सोनू के निधन से झारखंड ने खोया चमकता सितारा, कांग्रेस कार्यालय में नम आंखों से दी श्रद्धांजलि

गिरिडीह, मनोज कुमार।

गिरिडीह : राज्य के दिवंगत मंत्री सह गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन से पूरे गिरिडीह में शोक की लहर है। उनके निधन पर आज जिला कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा और उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

श्रद्धांजलि सभा में मौजूद नेता और कार्यकर्ता भावुक नजर आए। सभी ने नम आंखों से सुदिव्य कुमार सोनू के व्यक्तित्व, संघर्ष और गिरिडीह के विकास में उनके योगदान को याद किया तथा उनके साथ बिताए अपने अनुभव साझा किए।

सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतीश केडिया ने कहा कि झारखंड ने राजनीतिक क्षितिज पर चमकता हुआ एक सितारा खो दिया है। उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचार थे। गुरुजी के सपनों का झारखंड कैसे बनाया जाए, इसे लेकर वे हमेशा चिंतित और सक्रिय रहते थे।

सतीश केडिया ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का निधन सिर्फ गिरिडीह की नहीं, बल्कि पूरे झारखंड की अपूरणीय क्षति है। उन्होंने भावुक होकर कहा कि उनके व्यक्तिगत जीवन में उन्होंने पिता समान बड़े भाई को खो दिया है, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं है।
वहीं अशोक विश्वकर्मा ने कहा कि सुदिव्य सोनू जैसा जनप्रतिनिधि शायद ही गिरिडीह को कभी मिला होगा। अपने अल्प कार्यकाल में उन्होंने गिरिडीह के विकास के लिए जो कार्य किए, वे ऐतिहासिक हैं। उन्होंने कहा कि सोनू का असमय चले जाना बेहद दुखद है और अभी भी विश्वास नहीं हो रहा कि वे हमारे बीच नहीं हैं।

श्रद्धांजलि सभा में मोहम्मद अली खान, मोहम्मद शमीम समेत कई वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए और दिवंगत मंत्री के साथ जुड़ी यादों को साझा किया।

इस मौके पर नरेश वर्मा, अजय सिन्हा, नागेश्वर मंडल, मनीर, महेश भगत, निजामुद्दीन, गुलाम सरवर, सरफराज अंसारी, सोहेल, बेलाल हुसैनी, नदीम अख्तर, इतवारी वर्मा, एहसान, संतोष वर्मा, दिनेश पप्पू, चांद राशिद, सिकंदर, शबीर खान, अवैश अहमद, मोतीलाल शास्त्री, तौशिफ, मोनू, अल्ताफ, अफसर, चांद, शहजाद, अफताब, शहजादा, ऐनुल, कपिल देव राय, पप्पू पांडे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पूरी श्रद्धांजलि सभा के दौरान “सुदिव्य सोनू अमर रहें” और उनके व्यक्तित्व एवं जनसेवा को याद करते हुए माहौल पूरी तरह गमगीन रहा।

Related Articles

Back to top button