सिहोडीह में चोरों का तांडव: चोरी के बाद घर में लगाई आग, पाँच लाख से अधिक की संपत्ति जलकर राख l
गिरिडीह जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत सिहोडीह स्थित पटेलनगर श्रीराम नगर कॉलोनी में बीती रात चोरों ने हैरतअंगेज वारदात को अंजाम दिया।

सिहोडीह में चोरों का तांडव: चोरी के बाद घर में लगाई आग, पाँच लाख से अधिक की संपत्ति जलकर राख l
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत सिहोडीह स्थित पटेलनगर श्रीराम नगर कॉलोनी में बीती रात चोरों ने हैरतअंगेज वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने पहले बंद पड़े घर का दरवाजा तोड़कर चोरी की और बाद में सबूत मिटाने के उद्देश्य से घर में आग लगा दी। इस घटना में लगभग पाँच लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जलकर राख हो गई।

बताया गया कि स्वर्गीय मोहन मंडल का उक्त मकान घटना के समय बंद था। उनके भांजे राहुल कुमार के अनुसार, परिवार के सभी सदस्य तीन-चार दिन पूर्व सूरजाही पर्व में शामिल होने के लिए गांव गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने सूने घर को निशाना बनाया।

घटना की जानकारी तब मिली जब बुधवार सुबह आसपास के लोगों ने घर से धुआं उठता देखा। शोर मचाने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम और मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।

भुक्तभोगी राहुल कुमार ने बताया कि चोरों ने घर के अंदर जमकर उत्पात मचाया। कीमती सामान, जेवरात सहित अन्य वस्तुओं की चोरी करने के बाद घर के सामान को तोड़फोड़ कर आग के हवाले कर दिया।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय वार्ड पार्षद अशोक राम ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि इस तरह की घटनाओं से अपराधियों का मनोबल बढ़ रहा है। उन्होंने जिला पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। मौके पर शिवनंदन प्रसाद, विनय राम, छोटू कुमार, बिट्टू, अहिल्या देवी, सुमित कुमार और राजेश यादव समेत कई स्थानीय लोग मौजूद थे।



