वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध कब्जे से मुक्त कराई गई वन भूमि
पूर्वी वन प्रमंडल ने वन भूमि पर हो रहे अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए बुधवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।

वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध कब्जे से मुक्त कराई गई वन भूमि
गिरिडीह | मनोज कुमार
गिरिडीह : पूर्वी वन प्रमंडल ने वन भूमि पर हो रहे अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए बुधवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। वन विभाग की टीम ने स्थानीय पुलिस प्रशासन के सहयोग से मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जोभी में अवैध रूप से कब्जा की गई वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।

वन प्रमंडल पदाधिकारी को गुप्त सूचना मिली थी कि वन क्षेत्र की जमीन पर भू-माफियाओं और कुछ स्थानीय लोगों द्वारा अवैध रूप से चारदीवारी एवं पक्के मकानों का निर्माण किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दलबल के साथ मौके पर पहुंचकर अभियान चलाया।

भारी पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी मशीनों की सहायता से अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया। इस दौरान अतिक्रमणकारियों द्वारा विरोध का प्रयास भी किया गया, लेकिन प्रशासन की सख्ती के आगे उनकी एक न चली।
कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे वन क्षेत्र पदाधिकारी एस.के. रवि ने बताया,
“वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग द्वारा पूर्व में कई बार चेतावनी दी गई थी। अतिक्रमण नहीं हटाए जाने के कारण आज बलपूर्वक कार्रवाई की गई है। वन संरक्षण अधिनियम के तहत दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा रही है।”

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में जहाँ-जहाँ वन भूमि पर अवैध कब्जा किया गया है, उन्हें चिन्हित कर आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि वे वन भूमि की खरीद-बिक्री अथवा अवैध निर्माण से बचें, अन्यथा आर्थिक नुकसान के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई और जेल का सामना करना पड़ सकता है।
इस अभियान में जिले भर के वनरक्षी, वनपाल, महिला बल एवं स्थानीय पुलिस प्रशासन के अधिकारी व जवान मौजूद थे।




