योग, संस्कृति और देशभक्ति के रंग में रंगा जीडी बगड़िया का स्वतंत्रता दिवस समारोह, शहीदों को किया नमन
गिरिडीह जीडी बगड़िया शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह बड़े ही उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया।

योग, संस्कृति और देशभक्ति के रंग में रंगा जीडी बगड़िया का स्वतंत्रता दिवस समारोह, शहीदों को किया नमन
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : जीडी बगड़िया शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह बड़े ही उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भूतपूर्व सैनिक एवं पतंजलि गिरिडीह के जिला प्रभारी नवीन कांत सिंह ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी।
इस अवसर पर महाविद्यालय के अध्यक्ष अजय बगड़िया, सचिव संगीता बगड़िया, भूतपूर्व शिक्षक उदय शंकर उपाध्याय, गिरिडीह महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एम.एन. सिंह, गुरु नानक विद्यालय के निदेशक देवेंद्र सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय परिसर में स्थापित स्वामी विवेकानंद की भव्य प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद राष्ट्रीय गीत, ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ समारोह का विधिवत शुभारंभ किया गया।

समारोह में छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर देशभक्ति का जज्बा जगाया। स्वागत गीत, योग नृत्य, संथाल नृत्य, देशभक्ति गीत, राजस्थानी नृत्य, रश्मिरथी, असमिया नृत्य और जलियांवाला बाग की घटना का सजीव चित्रण करने वाले नाटक ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

मुख्य अतिथि नवीन कांत सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि योग के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन पैदा कर उन्हें देशभक्ति और राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित किया जा सकता है।

महाविद्यालय के अध्यक्ष अजय बगड़िया ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आजादी के लिए अनेक ऐसे लोगों ने भी बलिदान दिया, जिनका इतिहास में कहीं उल्लेख नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि हमें इस आजादी के महत्व को समझना चाहिए और अपने कर्तव्यों एवं उत्तरदायित्वों का ईमानदारी से पालन करना चाहिए।

वहीं गिरिडीह महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एम.एन. सिंह ने कहा कि देश के शिक्षक ही देश की दिशा और दशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से देश की एकता, अखंडता और सद्भावना को मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

इसी क्रम में जीडी बगड़िया मॉडर्न एवं वैदिक स्कूल तथा पारा मेडिकल कॉलेज में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साहपूर्वक मनाया गया। यहां मुख्य अतिथि गिरिडीह के उप महापौर सुमित कुमार ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल प्रसाद कुशवाहा ने संस्थान की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को शुभकामनाएं दीं। वरिष्ठ प्राध्यापिका वंदना चौरसिया ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
समारोह को सफल बनाने में डॉ. रश्मि कुमारी, बिना झा, माधुरी कुमारी, गुलफशान अख्तर, अरविंद कुमार, अशोक पटेल, योगेश्वर उपाध्याय, अर्णव समानता, प्रकाश वर्मा, सोनी कुमारी, अमित कुमार, पंकज गुत्छैत सहित महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वहीं सत्र 2025-27 एवं 2024-26 के छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाकर समारोह को यादगार बना दिया।




