मतदाता सुविधा सर्वोपरि: गिरिडीह के 185 मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर, उपायुक्त ने किया निरीक्षण
भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के निर्देशानुसार चलाए जा रहे मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR-2026) के तहत गिरिडीह शहरी क्षेत्र के मतदाताओं की सुविधा के लिए 18 और 20 जुलाई को विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

मतदाता सुविधा सर्वोपरि: गिरिडीह के 185 मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर, उपायुक्त ने किया निरीक्षण
गिरिडीह, 18 जुलाई। मनोज कुमार।
गिरिडीह : भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के निर्देशानुसार चलाए जा रहे मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR-2026) के तहत गिरिडीह शहरी क्षेत्र के मतदाताओं की सुविधा के लिए 18 और 20 जुलाई को विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर 32-गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के शहरी इलाके के 185 मतदान केंद्रों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक शिविर संचालित किए जा रहे हैं।

उपायुक्त ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करना तथा मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है। उन्होंने सभी बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर एवं संबंधित पदाधिकारियों को पूरी पारदर्शिता, जवाबदेही और गंभीरता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर मतदाताओं की संख्या के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में गणना प्रपत्र उपलब्ध रहें तथा मतदाताओं को प्रपत्र भरने और जमा करने में हर संभव सहायता मिले।

उन्होंने बताया कि जो मतदाता किसी कारणवश अपने मतदान क्षेत्र से बाहर रह रहे हैं, वे भी अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर गणना प्रपत्र प्राप्त कर सकते हैं। बीएलओ सुपरवाइजरों को शिविरों का लगातार निरीक्षण करने तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त कर्मियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

उपायुक्त ने किया औचक निरीक्षण शनिवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने एच.ई. हाई स्कूल, गिरिडीह एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बस स्टैंड, गिरिडीह स्थित मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्य की प्रगति की समीक्षा की तथा अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मतदाताओं से संवाद कर गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया की जानकारी ली और मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं का भी जायजा लिया।
उपायुक्त ने जिले के सभी शहरी मतदाताओं से अपील की कि वे 18 एवं 20 जुलाई को अपने संबंधित मतदान केंद्र पर आयोजित विशेष शिविर में अवश्य पहुंचें, गणना प्रपत्र प्राप्त कर उसे सही ढंग से भरकर समय पर जमा करें तथा मतदाता सूची के शुद्धिकरण और अद्यतन अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि “एक सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला शुद्ध, अद्यतन एवं समावेशी मतदाता सूची है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है।”




