मंगरोडीह में क्रिकेट का महाकुंभ शुरू, स्व. काशी सिंह मेमोरियल टूर्नामेंट में 7 टीमों की टक्कर l
गिरिडीह के मंगरोडीह में क्रिकेट प्रेमियों के लिए खेल का बड़ा उत्सव शुरू हो गया है। स्वर्गीय काशी सिंह मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-1 का भव्य उद्घाटन हुआ

मंगरोडीह में क्रिकेट का महाकुंभ शुरू, स्व. काशी सिंह मेमोरियल टूर्नामेंट में 7 टीमों की टक्कर l
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : गिरिडीह के मंगरोडीह में क्रिकेट प्रेमियों के लिए खेल का बड़ा उत्सव शुरू हो गया है। स्वर्गीय काशी सिंह मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-1 का भव्य उद्घाटन हुआ, जिसमें क्षेत्र की सात टीमें खिताब के लिए मैदान में उतरी हैं। उद्घाटन मुकाबले में कृष्णा लाल ठाकुर इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।

समाजसेवी सह वरीय संवेदक उमेश सिंह ने फीता काटकर टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। इस मौके पर आनंद भारद्वाज, साठो ठाकुर, भाजपा महानगर अध्यक्ष रंजीत राय, मुखिया आशा देवी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट का उद्देश्य ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देना और युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करना है।

उद्घाटन मैच भारद्वाज इलेवन और कृष्णा लाल ठाकुर इलेवन के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारद्वाज इलेवन की टीम महज 39 रन पर सिमट गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कृष्णा लाल ठाकुर इलेवन ने 5.2 ओवर में 4 विकेट खोकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इस बाबत समाजसेवी उमेश सिंह ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, एकता और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करता है। सभी खिलाड़ी खेल भावना के साथ खेलें और क्षेत्र का नाम रोशन करें।”

भाजपा महानगर अध्यक्ष रंजीत राय ने कहा कि स्व. काशी सिंह की स्मृति में आयोजित यह टूर्नामेंट युवाओं को नई दिशा देगा। वहीं आयोजक निशांत कुमार ने बताया कि आगे भी ऐसे खेल आयोजनों के माध्यम से ग्रामीण खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया जाएगा।

मैदान में सुबह से ही दर्शकों का उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोग मैच का आनंद लेने पहुंचे। आयोजकों ने सभी टीमों और खिलाड़ियों से खेल भावना बनाए रखने और प्रतियोगिता को सफल बनाने की अपील की है।
मंगरोडीह में शुरू हुआ यह क्रिकेट महाकुंभ आने वाले दिनों में रोमांचक मुकाबलों का गवाह बनेगा, जहां सात टीमें खिताब जीतने के लिए अपना दमखम दिखाएंगी।



