भाजपा की बैठक में बूथ कमेटियों को मजबूत बनाने पर जोर, 3 नवंबर के कार्यक्रम की तैयारी पर चर्चा
गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के पीरटांड़ मंडल के चिरकी और हरलाडीह मंडल के पोखरना में भारतीय जनता पार्टी की बैठक आयोजित की गई।

भाजपा की बैठक में बूथ कमेटियों को मजबूत बनाने पर जोर, 3 नवंबर के कार्यक्रम की तैयारी पर चर्चा
केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ लोगों को दिग्भ्रमित कर रहे है विपक्षी पार्टियां : मनोज साहू
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह: गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के पीरटांड़ मंडल के चिरकी और हरलाडीह मंडल के पोखरना में भारतीय जनता पार्टी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बूथ कमेटियों को सशक्त बनाने और आगामी 3 नवंबर को आयोजित होने वाले ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में भाजपा नेता सह पीरटांड़ प्रभारी मनोज साहू, भाजपा नेता देवराज, प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख के सह संयोजक मनोज दुबे, विस्तारक सत्यजीत दास, पीरटांड़ के विस्तारक धीरज पांडेय, पीरटांड़ मंडल अध्यक्ष अजय सिंह, हरलाडीह मंडल अध्यक्ष सोमनाथ पांडेय सहित दोनों मंडलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा नेता मनोज साहू ने कहा कि पीरटांड़ प्रखंड के प्रत्येक बूथ को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। पार्टी के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है, ताकि संगठन को जमीनी स्तर पर और सशक्त बनाया जा सके।

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ विपक्षी दल लोगों को दिग्भ्रमित करने और बरगलाने का प्रयास कर रहे हैं। इसी के मद्देनजर भाजपा की ओर से 3 नवंबर को ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
मनोज साहू ने कहा कि इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पीरटांड़ से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता जिला मुख्यालय पहुंचेंगे। बैठक में कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने और कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई।



