Breaking Newsझारखण्डटेक्नोलॉजीताजा खबरदुनियादेशलाइफस्टाइललाइव न्यूज़

भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर झामुमो ने किया माल्यार्पण, संघर्ष और बलिदान को किया नमन

भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार, 15 नवंबर को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर झामुमो ने किया माल्यार्पण, संघर्ष और बलिदान को किया नमन

हजारीबाग: भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार, 15 नवंबर को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

इस अवसर पर झामुमो के केंद्रीय सदस्य विकास राणा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, साहस और स्वाभिमान की अद्वितीय मिसाल है। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के शोषण और अत्याचार के खिलाफ आदिवासी समाज को एकजुट कर उलगुलान का नेतृत्व किया। जल, जंगल और जमीन पर अधिकार की उनकी लड़ाई आज भी झारखंड के लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके विचारों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

जिला प्रवक्ता कुणाल यादव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल एक स्वतंत्रता सेनानी नहीं, बल्कि झारखंड की अस्मिता, संस्कृति और स्वाभिमान के प्रतीक हैं। उन्होंने जिस अधिकार और सम्मान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया, उसकी रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। झारखंड राज्य का गठन भी लंबे संघर्ष और शहादतों का परिणाम है। हमें ऐसा झारखंड बनाने के लिए काम करना होगा, जहां आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकार सुरक्षित रहें और युवाओं को शिक्षा, रोजगार एवं विकास के समान अवसर मिलें।

वहीं, सतीश दास ने कहा कि धरती आबा का संघर्ष आने वाली पीढ़ियों को अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने और अपने अधिकारों के लिए एकजुट रहने की प्रेरणा देता रहेगा। उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। आज जरूरत है कि उनके विचारों और आदर्शों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए।

वक्ताओं ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा भगवान बिरसा मुंडा सहित झारखंड के तमाम वीर शहीदों के संघर्ष और विचारों को सम्मान देते हुए राज्य की अस्मिता, सामाजिक न्याय और अधिकारों के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के अंत में सभी ने धरती आबा के सपनों का झारखंड बनाने का संकल्प लिया और उनके सम्मान में जयकारे लगाए। इस अवसर पर नगर संयोजक सदस्य नवीन प्रकाश, निसार अहमद, राजीव वर्मा, श्वेता दुबे, रोमी सलूजा, यासीन अंसारी, विक्रम कुमार रवि, राकेश प्रसाद, मो. मोइनुद्दीन, आनन्द सिंह, विवेक कुमार राणा, नितेश कुमार समेत कई अन्य झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button