भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंगा गिरिडीह, तृतीय श्री श्याम निशान यात्रा महोत्सव का भव्य समापन
मारवाड़ी ब्राह्मण चैरिटेबल ट्रस्ट एवं मानव सेवा परिवार, गिरिडीह के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तृतीय श्री श्याम निशान यात्रा महोत्सव का दो दिवसीय आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के बीच भव्य रूप से संपन्न हो गया।

भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंगा गिरिडीह, तृतीय श्री श्याम निशान यात्रा महोत्सव का भव्य समापन
श्याम भजनों से गूंजा माहौल, 700 श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया बाबा का प्रसाद, श्री श्याम रसोई एवं भंडारे में उमड़ी भक्तों की भीड़
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : मारवाड़ी ब्राह्मण चैरिटेबल ट्रस्ट एवं मानव सेवा परिवार, गिरिडीह के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तृतीय श्री श्याम निशान यात्रा महोत्सव का दो दिवसीय आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के बीच भव्य रूप से संपन्न हो गया। महोत्सव के समापन अवसर पर पूरा माहौल बाबा श्री श्याम की भक्ति में सराबोर नजर आया।

महोत्सव के दूसरे दिन श्री श्याम प्रभु की पावन ज्योत प्रज्वलित कर धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत की गई। इसके बाद भव्य भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें श्याम प्रेमियों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भजनों की मधुर धुन पर श्रद्धालु बाबा की भक्ति में झूमते नजर आए और पूरा परिसर जय श्री श्याम के जयकारों से गूंज उठा।

धार्मिक आयोजन के उपरांत श्री श्याम रसोई एवं भंडारे का शुभारंभ किया गया। इसमें लगभग 700 श्रद्धालुओं ने बाबा का प्रसाद ग्रहण किया। सेवा और समर्पण की भावना के साथ आयोजित भंडारे में बड़ी संख्या में श्याम भक्तों ने सहभागिता निभाई।

आयोजक मारवाड़ी ब्राह्मण चैरिटेबल ट्रस्ट एवं मानव सेवा परिवार की ओर से दो दिवसीय महोत्सव को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी श्याम प्रेमियों, दानदाताओं, सदस्यों, सेवाभावियों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
आयोजकों ने बाबा श्री श्याम से समस्त श्रद्धालुओं के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए प्रार्थना की कि बाबा का आशीर्वाद सभी भक्तों पर सदैव बना रहे।




