बजरंग चौक में शुद्ध एवं शीतल पेयजल मशीन का उद्घाटन, राहगीरों को मिलेगी वर्षभर स्वच्छ जल की सुविधा l
गिरिडीह के बजरंग चौक में बुधवार को बरनवाल सेवा समिति के तत्वावधान में शुद्ध एवं शीतल पेयजल मशीन का उद्घाटन किया गया।

बजरंग चौक में शुद्ध एवं शीतल पेयजल मशीन का उद्घाटन, राहगीरों को मिलेगी वर्षभर स्वच्छ जल की सुविधा l
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : गिरिडीह के बजरंग चौक में बुधवार को बरनवाल सेवा समिति के तत्वावधान में शुद्ध एवं शीतल पेयजल मशीन का उद्घाटन किया गया। इस प्याऊ का उद्घाटन समाजसेवी एवं उद्योगपति जयप्रकाश लाल ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर झारखंड प्रदेश बरनवाल वैश्य महासभा के प्रदेश अध्यक्ष लखन लाल बरनवाल की ओर से अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया।

समिति के सचिव राजेंद्र लाल बरनवाल ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष लखन लाल बरनवाल ने अपने माता-पिता की पुण्य स्मृति में इस पेयजल मशीन को स्थापित कराया है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान ही नहीं, बल्कि पूरे वर्ष राहगीरों, स्थानीय व्यवसायियों और आम लोगों को यहां से शुद्ध एवं शीतल पेयजल उपलब्ध होगा।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जयप्रकाश लाल ने कहा कि बजरंग चौक जैसे व्यस्त स्थान पर शीतल पेयजल की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे लखन लाल बरनवाल ने पूरा कर समाजहित का सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि इस पहल से स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों को वर्षभर स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिलेगी। साथ ही उन्होंने बरनवाल सेवा समिति के इस जनकल्याणकारी प्रयास की प्रशंसा करते हुए समिति के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को बधाई दी।

कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष सुबोध कुमार बरनवाल, कोषाध्यक्ष संजय बरनवाल, रितेश बरनवाल, मोहन सागर, प्रवीण कुमार, अजय लाल, सुभाष बरनवाल, बिनोद बरनवाल, राकेश रंजन, विनय कुमार, सरिता बरनवाल, रीता बरनवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे।
“समाज सेवा की दिशा में बरनवाल सेवा समिति की पहल, बजरंग चौक पर अब मिलेगा वर्षभर शुद्ध और शीतल पेयजल।”






