बगोदर में मिथिलेश यादव हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, होटल मालिक समेत दो गिरफ्तार; टांगी और सब्बल बरामद
गिरिडीह पुलिस ने बगोदर थाना क्षेत्र में राजनीतिक दल से जुड़े नेता मिथिलेश यादव उर्फ छोटी यादव हत्याकांड का खुलासा कर दिया है।

बगोदर में मिथिलेश यादव हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, होटल मालिक समेत दो गिरफ्तार; टांगी और सब्बल बरामद
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : गिरिडीह पुलिस ने बगोदर थाना क्षेत्र में राजनीतिक दल से जुड़े नेता मिथिलेश यादव उर्फ छोटी यादव हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी डॉ. विमल कुमार ने पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस ने हत्याकांड में शामिल होटल मालिक महेश रजक और होटल स्टाफ सीमा ठाकुर को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त टांगी, सब्बल, एक बिना नंबर की लाल रंग की पैशन मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
एसपी ने बताया कि 14 अगस्त की सुबह करीब पांच बजे पुलिस को मिथिलेश यादव की हत्या की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बगोदर-सरिया के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य बिंदुओं के आधार पर बगोदर के रिंकू होटल के मालिक महेश रजक और होटल स्टाफ सीमा ठाकुर से पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने हत्या की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त की रात करीब 1:45 बजे मिथिलेश यादव होटल में पहुंचे थे। बताया गया कि उन्होंने पहले होटल में शराब पी और बाद में होटल के स्टाफ से दोबारा बीयर मंगाने को कहा।
बीयर के पैसे को लेकर विवाद शुरू हुआ। इसी दौरान होटल मालिक और स्टाफ के साथ मिथिलेश यादव की कहासुनी और धक्का-मुक्की हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि इसके बाद मिथिलेश यादव वहां से चले गए, लेकिन आरोपियों के मन में उनके प्रति आक्रोश बना रहा। रात करीब दो बजे दोनों आरोपियों ने कथित रूप से मिथिलेश यादव का पीछा किया। सर्विस रोड में कपसा मंदिर के पास नशे की हालत में मोटरसाइकिल से गिरने के बाद दोनों ने टांगी और सब्बल से हमला कर उनकी हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपियों ने घटना को सड़क दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया। मिथिलेश यादव के शव को सड़क किनारे लिटा दिया गया और उनकी मोटरसाइकिल को क्षतिग्रस्त कर शव के पास गिरा दिया गया। घटना में प्रयुक्त टांगी और सब्बल को होटल के नीचे स्थित कमरे में छिपा दिया गया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया।
एसपी डॉ. विमल कुमार ने बताया कि मामले में बगोदर थाना कांड संख्या 161/26 के तहत धारा 103(1), 238, 324(4) बीएनएस एवं अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है। पुलिस ने मामले के सभी पहलुओं की जांच करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपी:
महेश रजक, उम्र करीब 38 वर्ष, होटल मालिक, पिता स्व. सेमलाल रजक, थाना घाघरा, जिला गिरिडीह।
सीमा ठाकुर, उम्र करीब 58 वर्ष, होटल स्टाफ, पिता स्व. प्रसादी ठाकुर, थाना गोपालडीह, बगोदर, जिला गिरिडीह।
एसपी ने बताया कि हत्याकांड के उद्भेदन में एसआईटी एवं छापामारी दल में शामिल पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस द्वारा गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। वही छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरिया, बगोदर धनंजय राम, पुलिस निरीक्षक सरिया अजय कुमार, पुलिस निरीक्षक अनुसंधान विंग ज्ञान रंजन, बगोदर थाना प्रभारी राजेश कुमार, अभिजीत कुमार, अंजन कुमार, मणिकांत कुमार ,मणिलाल कुमार, संजय कुमार ,जोधन महतो,अनुज कुमार ,रॉकी रंजन शामिल थे।




