फुटबॉल टूर्नामेंट में सांसद ढुलू महतो का बड़ा ऐलान, डंडाटांड़ में बनेगा आधुनिक स्टेडियम
ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं को खेल के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जे.एस. मेमोरियल क्लब, डंडाटांड़ की ओर से आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रविवार को उत्साह और रोमांच के बीच संपन्न हुआ।

फुटबॉल टूर्नामेंट में सांसद ढुलू महतो का बड़ा ऐलान, डंडाटांड़ में बनेगा आधुनिक स्टेडियम
फाइनल मुकाबले में सुशनी लेवा धनबाद ने मारी बाजी, भाजपा नेता सुरेश साव भी रहे मौजूद
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं को खेल के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जे.एस. मेमोरियल क्लब, डंडाटांड़ की ओर से आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रविवार को उत्साह और रोमांच के बीच संपन्न हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में धनबाद के सांसद ढुलू महतो तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा नेता एवं गिरिडीह विधानसभा के सुरेश साव शामिल हुए।

फाइनल मुकाबला सुशनी लेवा धनबाद और मयूर रचना की टीमों के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। कड़े संघर्ष और रोमांचक मुकाबले के बाद सुशनी लेवा धनबाद की टीम ने जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।
इस अवसर पर सांसद ढुलू महतो ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है।

ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत है उन्हें उचित मंच और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की। फुटबॉल जैसे खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं।

इस दौरान सांसद ढुलू महतो ने डंडाटांड़ क्षेत्र में आधुनिक स्टेडियम निर्माण कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि स्टेडियम बनने से स्थानीय खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी और उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर प्राप्त होगा। इससे क्षेत्र के युवा राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकेंगे।

वहीं, भाजपा नेता सुरेश साव ने आयोजन समिति, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, आयोजन समिति के सदस्य, गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।



