पिपराडीह फुटबॉल टूर्नामेंट में सलय टांड ने मारी बाजी, सुरेश साव ने किया मिनी स्टेडियम बनाने का बड़ा ऐलान
पीरटांड़ प्रखंड के सुदूरवर्ती बाँध पंचायत एवं मधुबन पंचायत अंतर्गत पिपराडीह फुटबॉल मैदान में आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का शुक्रवार को रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ भव्य समापन हुआ।

पिपराडीह फुटबॉल टूर्नामेंट में सलय टांड ने मारी बाजी, सुरेश साव ने किया मिनी स्टेडियम बनाने का बड़ा ऐलान
फाइनल मुकाबले में बघमरी को हराकर सलय टांड बनी चैंपियन, सुरेश साव बोले– भाजपा को मौका मिला तो पिपराडीह मैदान में बनेगा मिनी स्टेडियम
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : पीरटांड़ प्रखंड के सुदूरवर्ती बाँध पंचायत एवं मधुबन पंचायत अंतर्गत पिपराडीह फुटबॉल मैदान में आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का शुक्रवार को रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ भव्य समापन हुआ। टूर्नामेंट में कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबला बघमरी और सलय टांड की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें शानदार प्रदर्शन करते हुए सलय टांड की टीम ने जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा नेता सुरेश साव शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर फुटबॉल को किक मारते हुए फाइनल मुकाबले का विधिवत शुभारंभ किया। मैच के बाद उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस दौरान खिलाड़ियों और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सुरेश साव ने कहा कि खेल महज मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, एकता, संघर्ष, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें उचित मंच, संसाधन और प्रोत्साहन देने की, ताकि यहां के युवा खेल के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना सकें।

वहीं, राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि लगभग सात वर्षों से झामुमो की सरकार सत्ता में है और इतने ही समय से क्षेत्र के जनप्रतिनिधि भी प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, लेकिन पीरटांड़ की बदहाल स्थिति आज भी किसी से छिपी नहीं है। सड़कों की हालत बेहद खराब है, पुल-पुलिये जर्जर हैं और ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों और आकांक्षाओं के साथ धोखा कर रही है। क्षेत्र के युवा रोजगार और विकास के अवसरों से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान और युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए ठोस पहल जरूरी है।

सुरेश साव ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि यदि जनता इस बार भाजपा को सेवा का अवसर देती है, तो पिपराडीह फुटबॉल मैदान में मिनी स्टेडियम निर्माण की दिशा में पहल की जाएगी। इसके साथ ही युवाओं को रोजगार से जोड़ने, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं तैयार करने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में श्याम प्रसाद, बुधन हेम्ब्रम, सिकंदर हेम्ब्रम, भीम लाल सोरेन, अरबिन्द वर्नावाल, फागु मरांडी, नुनी हांसदा, अर्जुन हेम्ब्रम, शिखर मुर्मू, बाबूलाल हेम्ब्रम, सुशील मुर्मू, देवानन्द हेम्ब्रम, सुशील हांसदा, रशिक लाल सोरेन सहित सैकड़ों की संख्या में आदिवासी युवा एवं ग्रामीण उपस्थित थे।




