पाली खेल एवं मेला महोत्सव 2026: आगरा ने परवई को 6 विकेट से हराया, तनिष्क शर्मा बने प्लेयर ऑफ द मैच
पाली खेल एवं मेला महोत्सव 2026 के तहत खेले जा रहे क्रिकेट टूर्नामेंट में मुकाबले लगातार रोमांचक होते जा रहे हैं। महोत्सव के तेरहवें दिन परवई और आगरा की टीमों के बीच एकतरफा मुकाबला खेला गया

पाली खेल एवं मेला महोत्सव 2026 : आगरा ने परवई को 6 विकेट से हराया, तनिष्क शर्मा बने प्लेयर ऑफ द मैच
पाली : पाली खेल एवं मेला महोत्सव 2026 के तहत खेले जा रहे क्रिकेट टूर्नामेंट में मुकाबले लगातार रोमांचक होते जा रहे हैं। महोत्सव के तेरहवें दिन परवई और आगरा की टीमों के बीच एकतरफा मुकाबला खेला गया, जिसमें आगरा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए परवई को 6 विकेट से पराजित कर दिया। इस मैच में विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए तनिष्क शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

जानकारी के अनुसार, परवई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। परवई की टीम निर्धारित ओवरों में बड़ा स्कोर खड़ा करने में असफल रही और पूरी टीम 19 ओवर 2 गेंद में 133 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। परवई की ओर से रुपेश ने सर्वाधिक 33 रन बनाए, जबकि जीतू ने 24 रन और अभिषेक ने 20 रन का योगदान दिया। अन्य बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सके, जिसके चलते टीम बड़ा स्कोर नहीं बना पाई।

आगरा की ओर से गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। फैजान, राजशेखर और समीर ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए दो-दो विकेट झटके और परवई की पारी को समय रहते समेट दिया।
इसके बाद 134 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आगरा की टीम ने आक्रामक शुरुआत करते हुए लक्ष्य को 15 ओवर 1 गेंद में ही हासिल कर लिया। आगरा की जीत में तनिष्क शर्मा ने निर्णायक भूमिका निभाई। उन्होंने 34 गेंदों में 60 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। उनकी बल्लेबाजी ने दर्शकों को खूब रोमांचित किया।

इसके अलावा लवकुश ने नाबाद 38 रन बनाए और हिमांशु ने 16 रन की उपयोगी पारी खेली। परवई की ओर से गेंदबाजों ने संघर्ष किया और कुल तीन विकेट हासिल किए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
मैच समाप्त होने के बाद कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों द्वारा विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। पूर्व प्रधान इंद्रजीत सिंह, भाजपा नेता अभिमन्यु सिंह राजपूत, महेंद्र जैन और खेमचंद्र चौरसिया ने प्लेयर ऑफ द मैच की शील्ड और इनामी राशि देकर तनिष्क शर्मा को सम्मानित किया।

मैच में अंपायर की भूमिका सुरेश सेन और राजू परिहार ने निभाई। स्कोरिंग का कार्य अरुण राजा एवं श्रीकांत विश्वकर्मा ने किया, जबकि कॉमेंट्री प्रमोद प्रजापति और पुष्पेन्द्र सिंह ठाकुर द्वारा की गई।

महोत्सव के दौरान खिलाड़ियों ने चौके-छक्कों पर इनामी राशि जीतकर उत्साह बढ़ाया। वहीं दर्शकों ने भी वांड्रीलाइन के बाहर कैच पकड़कर पुरस्कार जीते, जिससे मैदान में उत्साह का माहौल बना रहा।

खेल एवं मेला महोत्सव का लाइव प्रसारण बुन्देलखण्ड लाइव टीवी यूट्यूब चैनल पर किया जा रहा है। कार्यक्रम के अध्यक्ष मनीष कुमार तिवारी ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी दर्शकों एवं आयोजकों का आभार व्यक्त किया।
आज का मुकाबला
महोत्सव में आज का मुकाबला नोएडा और ग्वालियर की टीमों के बीच सुबह 11 बजे से खेला जाएगा। आयोजन समिति ने खेल प्रेमियों से समय पर पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।




