झामुमो संगठन को बूथ स्तर तक करेगा मजबूत, एसआईआर और जनगणना पर सतर्क : कुणाल यादव l
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने राज्य की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए संगठन को बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प दोहराया है। यह बात पार्टी के जिला प्रवक्ता कुणाल यादव ने कही।

झामुमो संगठन को बूथ स्तर तक करेगा मजबूत, एसआईआर और जनगणना पर सतर्क : कुणाल यादव l
हजारीबाग : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने राज्य की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए संगठन को बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प दोहराया है। यह बात पार्टी के जिला प्रवक्ता कुणाल यादव ने कही।
कुणाल यादव ने बताया कि हेमंत सोरेन के निर्देशों के अनुरूप पंचायत, वार्ड, प्रखंड एवं जिला स्तर पर संगठनात्मक ढांचे को सक्रिय और प्रभावी बनाने की दिशा में तेजी से काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में संगठन की मजबूती बेहद जरूरी है, ताकि पार्टी हर स्तर पर अपनी भूमिका प्रभावी ढंग से निभा सके।

उन्होंने कहा कि हाल ही में हुई बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और आगामी जनगणना जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। झामुमो का मानना है कि जनगणना केवल आंकड़ों का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और राजनीतिक प्रतिनिधित्व से जुड़ा एक अहम मुद्दा है। ऐसे में आदिवासी, मूलवासी, पिछड़े और वंचित समाज की सही गणना सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है।
जिला प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया का दुरुपयोग कर कुछ राजनीतिक ताकतें लाभ लेने की कोशिश कर सकती हैं, लेकिन झामुमो किसी भी स्थिति में इसे सफल नहीं होने देगा। उन्होंने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
कुणाल यादव ने बताया कि आने वाले दिनों में झामुमो विशेष अभियान चलाकर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करेगा, ताकि वे जनगणना, मतदाता सूची और अन्य संवेदनशील मुद्दों पर आम लोगों को जागरूक कर सकें।
उन्होंने कहा कि झामुमो संगठन और जनसरोकार दोनों मोर्चों पर मजबूती के साथ आगे बढ़ते हुए राज्य के हर वर्ग के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करता रहेगा।




