Breaking Newsझारखण्डटेक्नोलॉजीताजा खबरदुनियादेशलाइफस्टाइललाइव न्यूज़

छठ मइया की आराधना के साथ मानवता की मिसाल, 11 रुपये में 301 व्रतियों को 21 प्रकार की सामग्री देकर हजारीबाग यूथ विंग ने रचा इतिहास

लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर श्रद्धा, समर्पण और मानवता की अनूठी मिसाल पेश करते हुए हजारीबाग यूथ विंग ने एक बार फिर सेवा का नया इतिहास रचा।

छठ मइया की आराधना के साथ मानवता की मिसाल, 11 रुपये में 301 व्रतियों को 21 प्रकार की सामग्री देकर हजारीबाग यूथ विंग ने रचा इतिहास

लगातार चौथे वर्ष सेवा की अनूठी पहल, सूप और नारियल सहित पूजन सामग्री का किया वितरण

पुलिस अधीक्षक अमन कुमार पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष ब्रजकिशोर जायसवाल,अपर नगर आयुक्त प्रदीप कुमार,उपमहापौर अविनाश कुमार यादव,सहित कई गणमान्य लोग हुए शामिल

हजारीबाग यूथ विंग की पहल सेवा और मानवता की मिसाल : एसपी अमन कुमार

हजारीबाग यूथ विंग की पहल लोक आस्था और सामाजिक एकता का प्रेरणादायक उदाहरण : ब्रजकिशोर जायसवाल

हर परिवार की आस्था का सम्मान और जरूरतमंदों की सेवा ही हजारीबाग यूथ विंग का संकल्प : चंद्र प्रकाश जैन

छठ महापर्व पर हर श्रद्धालु तक सेवा और सहयोग पहुंचाना ही हजारीबाग यूथ विंग का उद्देश्य : करण जायसवाल

हजारीबाग : लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर श्रद्धा, समर्पण और मानवता की अनूठी मिसाल पेश करते हुए हजारीबाग यूथ विंग ने एक बार फिर सेवा का नया इतिहास रचा। संस्था की ओर से गुरुवार को के.बी. सहाय मार्ग स्थित खजांची तालाब के समीप छठव्रतियों के बीच सूप, नारियल सहित 21 प्रकार की पूजन सामग्री का वितरण किया गया। लगातार चौथे वर्ष आयोजित इस सेवा कार्यक्रम के तहत 301 छठव्रतियों को मात्र 11 रुपये की सहयोग राशि पर पूजन सामग्री उपलब्ध कराई गई।

संस्था की इस पहल का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को छठ महापर्व की पूजा में सहयोग प्रदान करना और उनकी आस्था का सम्मान करना है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक अमन कुमार उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष ब्रजकिशोर जायसवाल एवं उनकी धर्मपत्नी विद्या जायसवाल शामिल हुईं। इसके अलावा नगर निगम के अपर नगर आयुक्त प्रदीप कुमार एवं उपमहापौर अविनाश कुमार यादव की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों का हजारीबाग यूथ विंग की ओर से अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

अतिथियों ने संस्था की इस सामाजिक एवं धार्मिक पहल की सराहना करते हुए स्वयं श्रद्धालुओं के बीच सूप एवं पूजन सामग्री का वितरण किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता का महत्वपूर्ण पर्व है। हजारीबाग यूथ विंग द्वारा लगातार चौथे वर्ष जरूरतमंद छठव्रतियों को मात्र 11 रुपये में सूप, नारियल सहित 21 प्रकार की पूजन सामग्री उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है। ऐसे सेवा कार्यों से समाज के जरूरतमंद लोगों को त्योहार मनाने में सहयोग मिलता है। संस्था के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य इस नेक कार्य के लिए बधाई के पात्र हैं।

पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष ब्रजकिशोर जायसवाल ने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था और सामाजिक समरसता का अद्भुत प्रतीक है। हजारीबाग यूथ विंग द्वारा लगातार चौथे वर्ष इस प्रकार का आयोजन करना सराहनीय है। मात्र 11 रुपये में पूजन सामग्री उपलब्ध कराकर संस्था ने उन परिवारों की आस्था का सम्मान किया है, जिन्हें आर्थिक कारणों से पूजा की तैयारियों में कठिनाई होती है। यह पहल समाज में सेवा, सहयोग और मानवता का सुंदर संदेश देती है। संस्था के संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन ने कहा कि हजारीबाग यूथ विंग का उद्देश्य केवल सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन करना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ खड़ा रहना है।

छठ महापर्व पर लगातार चौथे वर्ष यह सेवा कार्यक्रम आयोजित करना संस्था के सभी सदस्यों की सामूहिक सेवा भावना का परिणाम है। इस सेवा कार्यक्रम के तहत प्रत्येक श्रद्धालु को एक सूप, एक नारियल सहित 21 प्रकार की पूजन सामग्री मात्र 11 रुपये की सहयोग राशि पर प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान छठ मइया के जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने संस्था की इस पहल की सराहना करते हुए पदाधिकारियों एवं सदस्यों को आशीर्वाद दिया। मौके पर संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन, उपाध्यक्ष विकास तिवारी,सचिव रितेश खण्डेलवाल, कोषाध्यक्ष गुंजन मद्धेशिया, संस्था मार्गदर्शक विकास केशरी,जय प्रकाश खण्डेलवाल,कार्यकारिणी सदस्य प्रणीत जैन,विवेक तिवारी, सेजल सिंह,सनी देव,राजेश जैन,उदित तिवारी, प्रवेक जैन पन्नालाल जैन, विनय पांडे प्रीतम सिंह,सप्तऋषि पांडे,शेखर सुमन, विनय पांडे,गौरव कुमार,केशव खंडेलवाल एवं विवेक सिन्हा सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहें।

Related Articles

Back to top button