गिरिडीह की रेल समस्याओं पर आर-पार की पहल! DRM के सामने उठीं 10 बड़ी मांगें, देवघर के लिए नई MEMU ट्रेन चलाने की मांग
गिरिडीह की रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्रियों की वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान को लेकर एक बार फिर पहल तेज हो गई है।

गिरिडीह की रेल समस्याओं पर आर-पार की पहल! DRM के सामने उठीं 10 बड़ी मांगें, देवघर के लिए नई MEMU ट्रेन चलाने की मांग
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : गिरिडीह की रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्रियों की वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान को लेकर एक बार फिर पहल तेज हो गई है। आसनसोल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) एवं रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री सह कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी के प्रतिनिधि के रूप में शामिल होकर गिरिडीह से जुड़ी रेल समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। इस दौरान रेलवे अधिकारियों के समक्ष कुल 10 महत्वपूर्ण मांगें रखी गईं।

बैठक में महेशमुंडा रेलवे स्टेशन के अंडरब्रिज में जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान और यात्रियों की सुविधा के लिए फुट ओवरब्रिज निर्माण की मांग की गई। वहीं, पूर्व से स्वीकृत सिजुआ रेलवे हॉल्ट का निर्माण कार्य जल्द शुरू कर पूरा कराने पर जोर दिया गया।

गिरिडीह रेलवे स्टेशन के समीप झारियागादी में मालगाड़ियों के लंबे समय तक खड़े रहने से आम लोगों को होने वाली परेशानी का मुद्दा भी गंभीरता से उठाया गया। इसके स्थायी समाधान के लिए यहां रेल ओवरब्रिज अथवा अंडरब्रिज निर्माण की मांग की गई।

इसके अलावा गिरिडीह-मधुपुर पैसेंजर ट्रेन का समय निर्धारित करने, कोडरमा-महेशमुंडा मॉर्निंग पैसेंजर का विस्तार मधुपुर तक करने तथा हावड़ा-खातीपुरा (जयपुर) पूजा स्पेशल ट्रेन संख्या 03007/03008 को स्थायी दैनिक एक्सप्रेस के रूप में चलाने की मांग रखी गई।
रांची में इलाज कराने जाने वाले मरीजों और अन्य यात्रियों की परेशानियों को देखते हुए हटिया-रांची एक्सप्रेस में स्लीपर एवं एसी कोच की संख्या बढ़ाने और नियमित टिकट जांच सुनिश्चित करने की मांग भी की गई।

वहीं, आसनसोल-रांची/हटिया एक्सप्रेस का ठहराव सलैया एवं महेशमुंडा रेलवे स्टेशन पर देने की मांग उठाई गई। विशेष रूप से सलैया स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव होने से ग्रामीणों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई गई।
बैठक में एक और महत्वपूर्ण मांग गिरिडीह से देवघर के बीच नई MEMU ट्रेन शुरू करने की रही। प्रस्ताव के अनुसार इस ट्रेन का परिचालन प्रतिदिन सुबह और शाम दो बार किया जाए, ताकि दोनों क्षेत्रों के बीच विद्यार्थियों, कारोबारियों, नौकरीपेशा लोगों और आम यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा मिल सके।

इसके साथ ही हावड़ा-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव मधुपुर रेलवे स्टेशन पर सुनिश्चित करने की मांग भी रखी गई। इससे मधुपुर के साथ गिरिडीह जिले के यात्रियों को भी काफी लाभ मिलने की बात कही गई।
बैठक में स्पष्ट रूप से कहा गया कि ये मांगें महज रेल सुविधाओं के विस्तार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि गिरिडीह के व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास से सीधे जुड़ी हुई हैं।
रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों से आग्रह किया गया कि इन मांगों को केवल आश्वासन तक सीमित नहीं रखा जाए, बल्कि इनके क्रियान्वयन की दिशा में ठोस और समयबद्ध पहल की जाए।




