गणित-विज्ञान मेले में दिखा नन्हे वैज्ञानिकों का हुनर, चयनित मॉडल अब प्रांतीय स्तर पर मचाएंगे धूम
सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा, गिरिडीह में बुधवार को विद्यालय स्तरीय गणित-विज्ञान मेले का भव्य आयोजन किया गया।

गणित-विज्ञान मेले में दिखा नन्हे वैज्ञानिकों का हुनर, चयनित मॉडल अब प्रांतीय स्तर पर मचाएंगे धूम
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा, गिरिडीह में बुधवार को विद्यालय स्तरीय गणित-विज्ञान मेले का भव्य आयोजन किया गया। मेले में विद्यालय के भैया-बहनों ने अपनी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और नवाचार का शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न विषयों पर आकर्षक मॉडल प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष अर्जुन मिष्टकार, प्रभारी प्रधानाचार्य अजित मिश्र एवं कार्यक्रम प्रमुख राजीव सिन्हा ने सरस्वती मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना और नारियल फोड़कर किया। इसके बाद दीप प्रज्वलित कर महान गणितज्ञ आर्यभट्ट एवं महान वैज्ञानिक होमी जहाँगीर भाभा के चित्रों पर पुष्पार्चन किया गया।

मेले में जल संरक्षण, स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और दैनिक जीवन में गणित के उपयोग जैसे विषयों पर विद्यार्थियों ने कई नवाचारी मॉडल प्रस्तुत किए। निर्णायक प्रतिनिधियों के रूप में कालूराम इंटर कॉलेज के प्राचार्य एन.के. शाही, बी.एन.एस. डी.ए.वी. स्कूल के शिक्षक रंजीत सिंह एवं मंटू सिंह तथा दिल्ली पब्लिक स्कूल के शिक्षक शिवम तिवारी एवं मोनिकेश बनर्जी मौजूद रहे। विद्यालय समिति के अध्यक्ष अर्जुन मिष्टकार ने सभी निर्णायक प्रतिनिधियों को अंग-वस्त्र देकर सम्मानित किया।

प्रभारी प्रधानाचार्य अजित मिश्र ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में गणितीय एवं वैज्ञानिक क्षमता के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। गणित और विज्ञान केवल विषय नहीं, बल्कि जीवन को समझने की दृष्टि हैं। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मॉडलों में नवाचार और मौलिक चिंतन स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
वहीं अध्यक्ष अर्जुन मिष्टकार ने कहा कि विद्यालय के सभी आचार्य-दीदी अपने दायित्वों का बखूबी निर्वहन कर रहे हैं, यह हर्ष का विषय है। ऐसी प्रदर्शनियां विद्यार्थियों में चिंतन, कल्पना और सृजन क्षमता को विकसित करती हैं। विज्ञान और गणित के यही प्रयोग भविष्य में भारत को विश्वगुरु बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। उन्होंने प्रांतीय स्तर के लिए चयनित सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
मेले में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन प्रांतीय गणित-विज्ञान मेले के लिए किया गया है। चयनित विद्यार्थी अब प्रांतीय स्तर पर विद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।

गणित प्रदर्शनी में चयनित प्रमुख प्रतिभागी:
तरुण वर्ग में रिया कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। किशोर वर्ग में विक्की कुमार यादव प्रथम रहे। बाल वर्ग में हृत्विक राज, इशिता कुमारी और मयंक राज की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। शिशु वर्ग में यशस्वी रंजन, प्रियांशु, अलीशा सिन्हा, दिव्यांशी कुमारी और आराध्या कुमारी की टीम प्रथम रही।

विज्ञान प्रदर्शनी में किशोर एवं तरुण वर्ग में सागर सोनू, चिन्मय मिश्रा, अंशु कुमार, कुमार आर्यन, प्रिंस कुमार पाण्डेय, संध्या कुमारी, अभिजीत पटेल एवं देवराज सिन्हा समेत कई विद्यार्थियों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
वहीं शिशु एवं बाल वर्ग में सोनू कुमार, आर्यन कुमार शांडिल्य, विनायक बर्मन, प्रत्यूषा कुमारी, आर्यन वर्मा, कुश कुमार, आरुषी कुमारी, अभय कुमार, नित्यानंद कुमार एवं सुजल कुमार अग्रवाल समेत अन्य विद्यार्थियों ने विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी सफल प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। आयोजन को सफल बनाने में अनिल आचार्य, निशा श्रेष्ठ, मोनिका सिंह, गौरव मुखर्जी, सौरभ सुमन, पंकज सोनी, सरिता बरनवाल, अनमोल शिवम, दिबेंदु आचार्य, मोनालिसा कुमारी, आनंद शंकर, अन्नू कुमारी, ममता कुमारी, संतोष मंडल, राजू मिश्रा समेत सभी आचार्य एवं दीदी जी की सराहनीय भूमिका रही।
अंत में वंदे मातरम् के साथ गणित-विज्ञान मेले का समापन हुआ।




