सिरसिया के कबीर ज्ञान मंदिर में दो दिवसीय गीता जयंती समारोह का हुआ भव्य आयोजन, श्रद्धा और भक्ति में डूबे श्रद्धालु
सिरसिया स्थित कबीर ज्ञान मंदिर में सोमवार को श्रीमद् भगवद् गीता जयंती समारोह भक्ति और उल्लास के वातावरण में मनाया गया।

सिरसिया के कबीर ज्ञान मंदिर में दो दिवसीय गीता जयंती समारोह का हुआ भव्य आयोजन, श्रद्धा और भक्ति में डूबे श्रद्धालु
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : सिरसिया स्थित कबीर ज्ञान मंदिर में सोमवार को श्रीमद् भगवद् गीता जयंती समारोह भक्ति और उल्लास के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां ज्ञान द्वारा मंगलाचरण और मधुर वाणी में की गई। उन्होंने भक्तों को श्रीकृष्ण की लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन सुनाया, जिससे पूरा परिसर आस्था और अध्यात्म से भर उठा

मां ज्ञान ने श्रीमद् भगवद् गीता के उपदेशों की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गीता मानव जीवन के हर पहलू में मार्गदर्शन देती है। यह आत्मसंयम, कर्तव्य पालन और धर्म के पथ पर चलने की प्रेरणा देने वाली ग्रंथ है।समारोह में सिरसिया सहित आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों ने अनुशासित वातावरण में भागवत कथा का श्रवण किया और भजन-कीर्तन में सम्मिलित हुए। भजन मंडली के भक्तिगीतों से मंदिर परिसर गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलित कर भगवान श्रीकृष्ण से मंगलकामनाएँ मांगीं।

मंदिर को फूलों और रंगीन झालरों से सजाया गया था, जिससे पूरा परिसर उत्सव स्थल में तब्दील हो गया। आयोजन समिति के सदस्य सिद्धार्थ ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी यह आयोजन समाज में आध्यात्मिक जागरूकता बढ़ाने और गीता के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया। श्रद्धालुओं ने ऐसे आयोजनों को समाज में शांति, सद्भाव और धार्मिक चेतना का प्रतीक बताया।




