विश्व आदिवासी दिवस के पूर्व ओपन माइंड वर्ल्ड स्कूल में सदन सह नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन
विश्व आदिवासी दिवस के पूर्व शनिवार को धरियाडीह स्थित ओपन माइंड वर्ल्ड स्कूल में सदन सह नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

विश्व आदिवासी दिवस के पूर्व ओपन माइंड वर्ल्ड स्कूल में सदन सह नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : विश्व आदिवासी दिवस के पूर्व शनिवार को धरियाडीह स्थित ओपन माइंड वर्ल्ड स्कूल में सदन सह नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता जूनियर और सीनियर ग्रुप में चार सदनों के बीच आयोजित हुई। इसमें छात्र-छात्राओं ने नागपुरी, संथाली समेत विभिन्न पारंपरिक गीतों की धुन पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा और कला का शानदार प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य चंद्रमल्लिका घोष चौधुरी ने कहा कि आदिवासी समुदायों के अधिकारों की रक्षा, उनकी अनूठी संस्कृति के संरक्षण तथा पर्यावरण की सुरक्षा में उनके योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं में भाग लेने से बच्चों के कौशल और कला में निखार आता है तथा उनका आत्मविश्वास भी बढ़ता है।

प्रतियोगिता के जूनियर ग्रुप में गार्नेट हाउस ने प्रथम, टोपाज हाउस ने द्वितीय और एमेराल्ड हाउस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सीनियर ग्रुप में टोपाज हाउस प्रथम, एमेराल्ड हाउस द्वितीय और सफायर हाउस तृतीय स्थान पर रहा।

प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका प्राचार्य चंद्रमल्लिका घोष चौधुरी, मोहम्मद शहरयार एवं बरनाली पाल ने निभाई। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुति, नृत्य कौशल, तालमेल और कला का बारीकी से मूल्यांकन करते हुए परिणाम घोषित किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में स्मृति सिन्हा, धीरज जायसवाल, ईरम, उमा आनंद, अंजलि कुमारी, संदीप शोला समेत विद्यालय के अन्य शिक्षकों एवं कर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।



