मतदान की बारी आई तो बच्चे बने मतदाता, धनयडीह स्कूल में पहली बार बनी ‘मॉडल युवा ग्राम सभा’ धनयडीह स्कूल में मॉडल युवा ग्राम सभा का गठन
गिरिडीह। लोकतंत्र की पाठशाला में अब बच्चे भी मतदान का हुनर सीख रहे हैं। सदर प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्र स्थित पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय धनयडीह में विद्यार्थियों ने पहली बार लोकतांत्रिक तरीके से मतदान कर ‘मॉडल युवा ग्राम सभा’ का गठन किया।

मतदान की बारी आई तो बच्चे बने मतदाता, धनयडीह स्कूल में पहली बार बनी ‘मॉडल युवा ग्राम सभा’
धनयडीह स्कूल में मॉडल युवा ग्राम सभा का गठन
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : लोकतंत्र की पाठशाला में अब बच्चे भी मतदान का हुनर सीख रहे हैं। सदर प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्र स्थित पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय धनयडीह में विद्यार्थियों ने पहली बार लोकतांत्रिक तरीके से मतदान कर ‘मॉडल युवा ग्राम सभा’ का गठन किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने मतदाता सूची, मतदान प्रक्रिया, उम्मीदवारों का चयन, गोपनीय मतदान और मतगणना की पूरी प्रक्रिया को करीब से समझा।

झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के निदेशक तथा जिला कार्यक्रम पदाधिकारी-सह-जिला शिक्षा पदाधिकारी, गिरिडीह के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्थानीय स्वशासन, ग्राम पंचायत की कार्यप्रणाली और लोकतांत्रिक व्यवस्था की व्यावहारिक जानकारी देना था। चुनाव प्रक्रिया को वास्तविक ग्राम पंचायत चुनाव की तर्ज पर आयोजित किया गया।
मतदान के बाद मॉडल ग्राम पंचायत धनयडीह के लिए अर्चना कुमारी को सरपंच, अमरजीत कुमार को सचिव, गायत्री कुमारी को सहायक सचिव, शीतल कुमारी को शिक्षा प्रभारी, संजीत कुमार वर्मा को स्वास्थ्य प्रभारी तथा अभिमन्यु कुमार तिवारी को स्वच्छता प्रभारी चुना गया।

इसके अलावा मीनाक्षी कुमारी, राजकुमार यादव, प्रेम कुमार राणा, निधि कुमारी, रीधी कुमारी, आर्यन कुमार, सत्यम कुमार विश्वकर्मा, रवीना कुमारी, द्रौपदी कुमारी, मंजु कुमारी, अनुराधा भारती, सुशील कुमार, प्रिंस कुमार, गौतम कुमार दास, अंशु कुमार मंडल एवं वर्षा रानी को वार्ड सदस्य चुना गया। इस तरह कुल 22 सदस्यीय मॉडल युवा ग्राम सभा का गठन किया गया।

विद्यालय की शिक्षिका शिखा कुमारी ने बताया कि गतिविधि का उद्देश्य बच्चों को सिर्फ किताबों तक सीमित रखने के बजाय लोकतंत्र, मतदान के अधिकार, स्थानीय शासन, ग्राम सभा की भूमिका और नागरिक जिम्मेदारियों से व्यावहारिक रूप से जोड़ना है।
वहीं विद्यालय के नोडल शिक्षक संजीव कुमार ने कहा कि ऐसी गतिविधियों से विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।
आगे मॉडल युवा ग्राम सभा की बैठकों के माध्यम से स्थानीय समस्याओं, विकास योजनाओं और जनहित के मुद्दों पर चर्चा तथा समाधान की प्रक्रिया को भी विद्यार्थियों के बीच व्यवहारिक रूप से प्रस्तुत किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाध्यापक भुवनेश्वर प्रसाद सिंह ने मॉडल युवा ग्राम सभा के सभी निर्वाचित विद्यार्थियों को बधाई दी और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी के लिए उनका उत्साहवर्धन किया।


