बरही पुलिस ने पिकअप चोरी कांड का किया खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
बरही पुलिस ने करियातपुर में हुए पिकअप वाहन चोरी कांड का राज़ खोलते हुए बड़ी सफलता हासिल की है।

बरही पुलिस ने पिकअप चोरी कांड का किया खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
संवाददाता बरही : शोएब अख्तर
हजारीबाग : बरही पुलिस ने करियातपुर में हुए पिकअप वाहन चोरी कांड का राज़ खोलते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने न केवल चोरी गए पिकअप वाहन को बरामद किया, बल्कि मिट्टी में गाड़कर छिपाए गए जेनरेटर सेट, साउंड सिस्टम और अन्य उपकरण भी बरामद कर लिए।

उक्त जानकारी पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी विनोद कुमार ने प्रेस वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि अब तक उक्त मामले में तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें मुख्य आरोपी उदय कुमार उर्फ कृष्णा भी शामिल है। मामला 11 सितंबर 2025 की रात का है, जब करियातपुर से साउंड सिस्टम, लाइट सेट और जेनरेटर से लदा पिकअप वाहन (संख्या JH 12 A 7419) चोरी हो गया था।
पीड़ित राजकुमार भगत के आवेदन पर 13 सितंबर को बरही थाना कांड संख्या 337/25 दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (बरही) अजीत कुमार बिमल के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया।एसआईटी ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों एवं गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी गया पिकअप वाहन बरामद किया।
इसके बाद दो अपराधी सुतीज कुमार सिंह उर्फ शिवा (निवासी बोनादाग, थाना चंदवारा) और प्रकाश कुमार निवासी रोहनियाटांड, थाना तिलैया को गिरफ्तार कर 29 सितंबर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मुख्य आरोपी की तलाश जारी थी। इस बीच 6 दिसंबर की रात गुप्त सूचना पर तिलैया डैम ओपी पुलिस की सहायता से मुख्य आरोपी उदय कुमार उर्फ कृष्णा निवासी बड़की धमराई को गिरफ्तार किया गया।
उसकी निशानदेही पर 7 दिसंबर को उसके घर में मिट्टी के अंदर दबाकर छिपाए गए जेनरेटर सेट और साउंड सिस्टम को बरामद किया गया। बरामद सामान में स्वराज कंपनी का 10 केवी जेनरेटर सेट, विभिन्न पार्ट्स, पी-ऑडियो कंपनी के तीन बड़े स्पीकर, स्टूडियो मास्टर स्पीकर एक पीस, दो ट्यूटर, और एक प्लेटिना बाइक (संख्या JH 12-3455) शामिल है। छापामारी दल में पु.अ.नि. किरण कच्छप, पुअनि मृत्युंजय कुमार, पुअनि सुमित साव, पुअनि बादल हेंब्रम तथा सशस्त्र बल शामिल थे।
मुख्य आरोपी उदय कुमार का लंबा आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जिसके खिलाफ जयनगर थाना और तिलैया डैम ओपी में हत्या, अपहरण, चोरी एवं अन्य गंभीर मामलों के कई कांड दर्ज हैं। एसआईटी की त्वरित कार्रवाई से चोरी का पूरा माल बरामद होने और मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी से क्षेत्र में पुलिस की बड़ी सफलता मानी जा रही है।



