बंदरकुप्पी हत्याकांड में पुलिस का बड़ा एक्शन, दो आरोपी सतीश यादव, अनुज यादव गिरफ्तार; बिना नंबर की कार समेत कई सामान जब्त
मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बंदरकुप्पी में 24 सितंबर की रात मारपीट के दौरान रितिक यादव उर्फ बंटी की हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है।

बंदरकुप्पी हत्याकांड में पुलिस का बड़ा एक्शन, दो आरोपी सतीश यादव, अनुज यादव गिरफ्तार; बिना नंबर की कार समेत कई सामान जब्त
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बंदरकुप्पी में 24 सितंबर की रात मारपीट के दौरान रितिक यादव उर्फ बंटी की हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर घटना में शामिल दो आरोपियों सतीश यादव और अनुज कुमार यादव को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी पीरटांड़ थाना क्षेत्र के नावाडीह गांव के रहने वाले बताए गए हैं।

मामले को लेकर मुफ्फसिल थाना में कांड संख्या 270/26 दर्ज किया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए गिरिडीह एसपी डॉ विमल कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ सदर जीतवहन उरांव के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था। टीम को घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का निर्देश दिया गया था।
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की बिना रजिस्ट्रेशन नंबर वाली कार जब्त की गई है। इसके अलावा घटनास्थल से रक्त का नमूना लगा कॉटन, बांस की तीन लाठियां, पेड़ की एक डाली और तीन जोड़ी चप्पल भी बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तार दोनों आरोपियों को पुलिस ने न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी सतीश यादव, पिता अरुण यादव, ग्राम नावाडीह, थाना पीरटांड़, गिरिडीह।
अनुज कुमार यादव, पिता सुखदेव यादव, ग्राम नावाडीह, थाना पीरटांड़, गिरिडीह।
पुलिस की कार्रवाई में एसडीपीओ सदर जीतवाहन उरांव, एसडीपीओ डुमरी, आबिद खान मुफ्फसिल, थाना प्रभारी ज्ञान रंजन नगर, थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो पीरटांड़ थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह और पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार सहित पुलिस टीम के साथ तकनीकी शाखा एवं संबंधित थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे।



