Breaking Newsझारखण्डटेक्नोलॉजीताजा खबरदुनियादेशलाइफस्टाइललाइव न्यूज़

घर में घुसकर हमला, युवती से छेड़खानी और गोहाल में लगाई आग! देवरी में दबंगई के खिलाफ पीड़िता ने लगाई न्याय की गुहार

गिरिडीह जिले के देवरी थाना क्षेत्र के गम्हारडीह गांव में एक परिवार के साथ मारपीट, छेड़खानी, आगजनी और लूटपाट का गंभीर मामला सामने आया है।

घर में घुसकर हमला, युवती से छेड़खानी और गोहाल में लगाई आग! देवरी में दबंगई के खिलाफ पीड़िता ने लगाई न्याय की गुहार

गिरिडीह : मनोज कुमार।

गिरिडीह : गिरिडीह जिले के देवरी थाना क्षेत्र के गम्हारडीह गांव में एक परिवार के साथ मारपीट, छेड़खानी, आगजनी और लूटपाट का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता डोली कुमारी ने गांव के आठ लोगों पर घर में घुसकर हमला करने, परिजनों को घायल करने, छेड़खानी करने और नकदी लूटने का आरोप लगाया है। घटना के बाद पीड़ित परिवार दहशत में है। पीड़िता ने देवरी थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पहले दी धमकी, फिर घर पर हमले का आरोप

पीड़िता के आवेदन के अनुसार, 19 अक्टूबर 2026 की रात करीब नौ बजे गांव के संदीप सिंह ने उनके घर में घुसकर गाली-गलौज की और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए परिवार को धमकी दी। आरोप है कि इसके बाद 21 अक्टूबर की सुबह करीब नौ बजे संदीप सिंह अपने सात अन्य साथियों के साथ पीड़िता के घर पहुंचा और परिवार पर हमला कर दिया।
आवेदन में रामकृष्ण सिंह, प्रद्युम्न सिंह, प्रमोद सिंह, बंशकार सिंह, विक्की सिंह, खेंडू सिंह और बंशीधर सिंह के नाम भी शामिल हैं।

चाकू और टांगी से हमले का आरोप, कई लोग घायल

पीड़िता के मुताबिक, हमले के दौरान बंशकार सिंह ने पंकु राम पर चाकू से वार कर दिया, जबकि रामकृष्ण सिंह ने फुलन देवी के चेहरे पर टांगी के फल से हमला किया। वहीं, प्रद्युम्न सिंह पर मुद्रिका देवी के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया गया है।
पीड़िता का आरोप है कि जब वह अपने परिजनों को बचाने के लिए आगे आईं, तो संदीप सिंह ने उनके साथ छेड़खानी की और कपड़े फाड़कर उन्हें अर्धनग्न करने का प्रयास किया।

बेटी को बचाने पहुंची मां, तो गोहाल में लगा दी आग

आवेदन में आगे आरोप लगाया गया है कि जब पीड़िता की मां अपनी बेटी को बचाने के लिए पहुंचीं, तो आरोपियों ने उनके गोहाल में आग लगा दी। इससे गोहाल का आधा हिस्सा जलकर नष्ट हो गया।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि हमलावर घर में रखे पांच हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। जाते-जाते पूरे परिवार को जान से मारने और गांव में गुलाम-मजदूर बनाकर रखने की धमकी देने की बात भी आवेदन में कही गई है।

पुलिस से सुरक्षा और न्याय की मांग

घटना के बाद पीड़िता ने देवरी थाना प्रभारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, नामजद आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और अपने परिवार को सुरक्षा देने की मांग की है।
अब सवाल यह है कि घर में घुसकर मारपीट, छेड़खानी और आगजनी जैसे गंभीर आरोपों की जांच में पुलिस क्या कार्रवाई करती है और पीड़ित परिवार को कब न्याय मिलता है।

Related Articles

Back to top button