नगर आयुक्त की कार्यशैली के विरोध में पत्रकारों ने लगाया काला बिल्ला, आंदोलन रहेगा जारी
नगर आयुक्त ओमप्रकाश गुप्ता की कार्यशैली और पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में पत्रकारों का आंदोलन लगातार जारी है।

नगर आयुक्त की कार्यशैली के विरोध में पत्रकारों ने लगाया काला बिल्ला, आंदोलन रहेगा जारी
हजारीबाग : नगर आयुक्त ओमप्रकाश गुप्ता की कार्यशैली और पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में पत्रकारों का आंदोलन लगातार जारी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को हजारीबाग प्रेस क्लब परिसर के समक्ष जिले के पत्रकारों ने अपनी बांहों पर काला बिल्ला लगाकर सांकेतिक रूप से विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पत्रकारों ने एकजुट होकर अपनी नाराजगी जाहिर की।

काला बिल्ला लगाकर पत्रकारों ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि पत्रकारिता के सम्मान, स्वतंत्रता और स्वाभिमान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। गौरतलब है कि मंगलवार की देर शाम नगर आयुक्त ओमप्रकाश गुप्ता अपने साथ दो सहायक नगर आयुक्त एवं नगर निगम की टीम के साथ अचानक हजारीबाग प्रेस क्लब परिसर पहुंचे थे। इस दौरान पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया था।

घटना के बाद से ही पत्रकारों में नाराजगी व्याप्त है। इस मामले को लेकर हजारीबाग प्रेस क्लब की ओर से गुरुवार को धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया था। धरना के माध्यम से पत्रकारों ने पूरे घटनाक्रम पर अपनी आपत्ति दर्ज कराते हुए संबंधित अधिकारियों के व्यवहार पर नाराजगी जाहिर की थी। वहीं, आंदोलन के अगले चरण में शुक्रवार को सभी पत्रकारों ने काला बिल्ला लगाकर शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया।
इस मौके पर उपस्थित पत्रकारों ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और समाज के विभिन्न मुद्दों को जिम्मेदारी के साथ सामने लाने का कार्य करते हैं। ऐसे में पत्रकारों के साथ सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब परिसर पत्रकारों के लिए एक महत्वपूर्ण स्थान है और वहां पहुंचकर पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार किया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। पत्रकार अपने सम्मान और अधिकारों को लेकर एकजुट हैं।
इस पूरे मामले में उचित कार्रवाई और सम्मानजनक समाधान होना जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हजारीबाग प्रेस क्लब पत्रकारों के मान-सम्मान से जुड़े इस विषय पर गंभीर है और आगे भी लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध जारी रखेगा। मौके पर बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित थे।


