तिसरी में भीषण सड़क हादसा, बोलेरो की टक्कर से दो युवकों की दर्दनाक मौत l
गिरिडीह जिले के तिसरी-गावां मुख्य सड़क पर पालमो मध्य विद्यालय के सामने सोमवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

तिसरी में भीषण सड़क हादसा, बोलेरो की टक्कर से दो युवकों की दर्दनाक मौत l
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह तिसरी : गिरिडीह जिले के तिसरी-गावां मुख्य सड़क पर पालमो मध्य विद्यालय के सामने सोमवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार, राउतडीह निवासी विजय राउत के पुत्र प्रिंस राउत और बिजेंद्र राउत के पुत्र विवेक राउत तिसरी बाजार से मिठाई खरीदकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही काले रंग की बोलेरो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक कई फीट दूर जा गिरे। हादसे में प्रिंस राउत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल विवेक राउत को स्थानीय लोगों की मदद से तिसरी पुलिस ने एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तिसरी पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद बोलेरो चालक और उसमें सवार लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही तिसरी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। करीब एक घंटे बाद दोनों मृतकों की पहचान होने पर उनके परिजनों को सूचना दी गई।
हादसे की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मां, बहनों और अन्य महिलाओं के विलाप से अस्पताल का माहौल गमगीन हो गया और मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के समय दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। उनका कहना है कि यदि हेलमेट पहना होता तो शायद जान बचने की संभावना रहती।
अस्पताल पहुंचने वालों में जिला परिषद सदस्य रामकुमार राउत, मुखिया प्रतिनिधि महेश राउत, भाजपा नेता रामचंद्र ठाकुर, उदय साव, नरेश यादव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल थे।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया है। दुर्घट,नाग्रस्त बोलेरो और बाइक को जब्त कर लिया गया है तथा फरार चालक की तलाश के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



