Breaking Newsझारखण्डटेक्नोलॉजीताजा खबरदुनियादेशलाइफस्टाइललाइव न्यूज़

झारखंड स्थापना दिवस पर बांकिशोल में योजनाओं की सौगात, विधायक संजीव सरदार ने किया परिसंपत्तियों का वितरण

झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर डुमरिया प्रखंड के बांकिशोल पंचायत में आयोजित स्थापना दिवस पखवाड़ा कार्यक्रम में परिसंपत्ति वितरण एवं अबुआ आवास योजना के तहत गृह प्रवेश कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

झारखंड स्थापना दिवस पर बांकिशोल में योजनाओं की सौगात, विधायक संजीव सरदार ने किया परिसंपत्तियों का वितरण

अभिजीत सेन

डुमरिया – –

झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर डुमरिया प्रखंड के बांकिशोल पंचायत में आयोजित स्थापना दिवस पखवाड़ा कार्यक्रम में परिसंपत्ति वितरण एवं अबुआ आवास योजना के तहत गृह प्रवेश कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पोटका विधायक संजीव सरदार उपस्थित रहे। इस दौरान विधायक ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया तथा कई विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। कार्यक्रम के माध्यम से आवास, रोजगार, महिला सशक्तीकरण, शिक्षा, कृषि एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाया गया।

अबुआ आवास के 10 लाभुकों को मिला पक्का घर

कार्यक्रम के दौरान अबुआ आवास योजना के तहत 10 लाभुकों को गृह प्रवेश कराया गया। अपने पक्के घर का सपना पूरा होने पर लाभुकों के परिवारों में खुशी देखने को मिली। विधायक संजीव सरदार ने लाभुकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आवास योजना का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है।

मनरेगा श्रमिकों को सम्मान, जॉब कार्ड और मेट को प्रशस्ति पत्र

मनरेगा के तहत 100 दिन का कार्य पूरा करने वाले 20 श्रमिकों को सम्मानित किया गया। इनमें 10 महिला एवं 10 पुरुष श्रमिक शामिल रहे। इसके अलावा दो मेट को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया तथा पांच लाभुकों के बीच जॉब कार्ड का वितरण किया गया। कार्यक्रम में श्रमिकों के योगदान और ग्रामीण रोजगार के महत्व को भी रेखांकित किया गया।

स्वयं सहायता समूहों को मिले 1.21 करोड़ रुपये के चेक

महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जेएसएलपीएस के तहत स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इसके तहत छह स्वयं सहायता समूहों के बीच 36 लाख रुपये तथा 84 स्वयं सहायता समूहों के बीच 85 लाख रुपये के चेक वितरित किए गए। इस प्रकार कुल 90 स्वयं सहायता समूहों को 1 करोड़ 21 लाख रुपये की राशि के चेक सौंपे गए। इससे समूहों को स्वरोजगार एवं आजीविका से जुड़ी गतिविधियों को आगे बढ़ाने में सहायता मिलेगी।

15 छात्राओं को सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना का लाभ

महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से 15 छात्राओं को सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना का लाभ प्रदान किया गया। इसके साथ ही दो महिलाओं की गोद भराई और एक बच्चे का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। कार्यक्रम के माध्यम से बालिकाओं की शिक्षा, पोषण और मातृ-शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

वनपट्टा और श्रमिकों को औजार सहायता का वितरण

वन विभाग की ओर से आठ लाभुकों को वनपट्टा वितरित किया गया। वहीं श्रम विभाग के माध्यम से मुख्यमंत्री असंगठित श्रमिक औजार सहायता योजना के तहत चार लाभुकों को सहायता प्रदान की गई। इन योजनाओं के जरिए वनाधिकार से जुड़े परिवारों और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराई गई।

पांच जीएसबी सड़क योजनाओं का विधायक ने किया शिलान्यास

कार्यक्रम के दौरान विधायक संजीव सरदार ने बांकिशोल पंचायत में पांच जीएसबी सड़क निर्माण योजनाओं का शिलान्यास किया। इन योजनाओं के पूरा होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी तथा स्थानीय लोगों को आने-जाने में सहूलियत मिलेगी। सड़क निर्माण से पंचायत के आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलने के साथ ग्रामीण विकास को भी गति मिलेगी।

जनकल्याणकारी योजनाओं से हर जरूरतमंद तक लाभ पहुंचाना राज्य सरकार का लक्ष्य : संजीव सरदार

इस अवसर पर विधायक संजीव सरदार ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार लगातार जनहितकारी और जनकल्याणकारी योजनाएं लेकर आ रही है। सरकार का प्रयास है कि गरीब, वंचित, किसान, मजदूर, महिलाएं और जरूरतमंद परिवार विकास की मुख्यधारा से जुड़ें तथा उन्हें उनका हक और अधिकार मिले। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की ओर से लगातार ऐसी परिस्थितियां पैदा की जा रही हैं और षड्यंत्र किए जा रहे हैं, जिससे झारखंड की जनकल्याणकारी योजनाएं प्रभावित हो रही हैं। इसका खामियाजा राज्य के गरीब और जरूरतमंद लोगों को भुगतना पड़ रहा है। इसके बावजूद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार जनहित में काम करती रहेगी और आम जनता के कल्याण के लिए योजनाएं लाती रहेगी। विधायक ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी जरूरतमंद अपने अधिकारों से वंचित न रहे।

यह रहे उपस्थित

कार्यक्रम में मुख्य रूप से बीडीओ निलेश कुमार मुर्मू, मिर्ज़ा सोरेन, भगत बास्के, मुखिया सरस्वती बासके, माझी बाबा लखन मार्डी, समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button