जोजोसाई में दिशोम सोहराय एवं स्पोर्ट्स मेला का भव्य आयोजन, विधायक संजीव सरदार हुए शामिल।
प्रखंड के सानग्राम पंचायत के जोजोसाई गांव में आदिम रुसिका गाँवता जियाड़ जोजोसाई की ओर से दिशोम सोहराय एवं स्पोर्ट्स मेला का भव्य आयोजन किया गया।

जोजोसाई में दिशोम सोहराय एवं स्पोर्ट्स मेला का भव्य आयोजन, विधायक संजीव सरदार हुए शामिल।
अभिजीत सेन ।
जामसेदपुर / पोटका
प्रखंड के सानग्राम पंचायत के जोजोसाई गांव में आदिम रुसिका गाँवता जियाड़ जोजोसाई की ओर से दिशोम सोहराय एवं स्पोर्ट्स मेला का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर सोहराय खूंटव, सोहराय गीत सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। पूरे आयोजन के दौरान आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, पारंपरिक रीति-रिवाजों और लोककला की सुंदर झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पोटका विधायक संजीव सरदार शामिल हुए। उनके साथ सानग्राम पंचायत के मुखिया अभिषेक सरदार, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सुधीर सोरेन सहित अन्य अतिथि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
आदिवासी समाज की पहचान उसकी समृद्ध संस्कृति, परंपरा से है – विधायक संजीव सरदार
विधायक संजीव सरदार ने अपने संबोधन में कहा कि आदिवासी समाज की पहचान उसकी समृद्ध संस्कृति, परंपरा और आपसी एकजुटता से है। अपनी भाषा, रीति-रिवाज, पर्व-त्योहार और सांस्कृतिक विरासत को बचाकर रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। समाज के लोग आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट रहें और अपनी परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने और अपनी जड़ों से जुड़े रहने का माध्यम हैं। विधायक ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के लोगों की हर जरूरत और सुख-दुख में वे उनके साथ खड़े रहेंगे। क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए वे हमेशा उपलब्ध रहेंगे।
पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया सोहराय
दिशोम सोहराय के अवसर पर आयोजित खूंटव और सोहराय गीतों ने समारोह को खास बना दिया। पारंपरिक गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से ग्रामीणों ने अपनी लोकपरंपरा और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत किया। इस आयोजन ने नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने और आदिवासी संस्कृति के संरक्षण का संदेश दिया। इस आयोजन को सफल बनाने में माझी बाबा जमादार सोरेन, सुंदर मोहन सोरेन. पद्मलोचन सोरेन. सुनील मुर्मू, अशुमन मुर्मू, रवींद्रनाथ माडीं, हलधर सोरेन, निरस्तन सोरेन, लखन हेंब्रम, प्रसाद सोरेन, सोबान मुर्मू, सोहान सोरेन, सुभाष मुर्मू, तुलसी शरण समेत आदि का सराहनीय योगदान रहा।




