Breaking Newsझारखण्डटेक्नोलॉजीताजा खबरदुनियादेशलाइफस्टाइललाइव न्यूज़

गिरिडीह पुलिस का बड़ा एक्शन! 80 लोगों के चेहरे पर लौटी मुस्कान, खोए मोबाइल पाकर खिल उठे चेहरे

गिरिडीह पुलिस ने एक बार फिर अपनी तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए।

गिरिडीह पुलिस का बड़ा एक्शन! 80 लोगों के चेहरे पर लौटी मुस्कान, खोए मोबाइल पाकर खिल उठे चेहरे
“आपका मोबाइल फिर से आपके पास” कार्यक्रम के तहत एसपी डॉ. विमल कुमार ने उपभोक्ताओं को लौटाए मोबाइल, अब तक 1035 फोन असली मालिकों तक पहुंचा चुकी है जिला पुलिस

गिरिडीह : मनोज कुमार।

गिरिडीह :  गिरिडीह पुलिस ने एक बार फिर अपनी तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए। मंगलवार को न्यू पुलिस लाइन स्थित बहुउद्देशीय भवन में आयोजित “आपका मोबाइल फिर से आपके पास” कार्यक्रम के तहत 80 उपभोक्ताओं को उनके खोए हुए मोबाइल वापस सौंपे गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे गिरिडीह एसपी डॉ. विमल कुमार ने उपभोक्ताओं को मोबाइल हस्तांतरित किए। लंबे इंतजार के बाद अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

मोबाइल सिर्फ फोन नहीं, जिंदगी का अहम हिस्सा : एसपी

इस मौके पर एसपी डॉ. विमल कुमार ने कहा कि डिजिटल युग में मोबाइल फोन केवल बातचीत का माध्यम नहीं रह गया है। आज मोबाइल पहचान, सुरक्षा, शिक्षा और बैंकिंग जैसी कई जरूरी सेवाओं से जुड़ा हुआ है। ऐसे में मोबाइल का चोरी होना या गुम हो जाना किसी भी व्यक्ति के लिए बड़ी परेशानी बन सकता है।
उन्होंने कहा कि गिरिडीह पुलिस को मिलने वाली शिकायतों के आधार पर तकनीकी संसाधनों की मदद से गुम और चोरी हुए मोबाइल की तलाश की जाती है। पुलिस का प्रयास रहता है कि बरामद मोबाइल को उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाया जाए।

अब तक 1035 लोगों को वापस मिला मोबाइल

एसपी ने बताया कि गिरिडीह जिला पुलिस इस अभियान के तहत अब तक कुल 1035 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप चुकी है। यह पहल उन लोगों के लिए राहत साबित हो रही है, जिनका मोबाइल चोरी हो गया था या कहीं गुम हो गया था।
आर्थिक तंगी के बीच मोबाइल वापसी बनी बड़ी राहत
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे उपभोक्ताओं ने मोबाइल वापस मिलने पर खुशी जाहिर की। कुछ लोगों ने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण उनके लिए नया मोबाइल खरीदना आसान नहीं था। ऐसे में पुराना मोबाइल वापस मिलना उनके लिए बड़ी राहत है। मोबाइल मिलने के बाद कई उपभोक्ताओं ने एसपी डॉ. विमल कुमार और पुलिस टीम के प्रति आभार जताया।

कई पुलिस अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में सदर एसडीपीओ जितवाहन उरांव, डीएसपी-1 नीरज कुमार सिंह, डीएसपी-2 आरके राणा, सार्जेंट मेजर सनी कुमार, नगर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, मुफस्सिल थाना प्रभारी ज्ञान रंजन कुमार समेत विभिन्न थानों के प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
गिरिडीह पुलिस की इस पहल से एक बार फिर यह संदेश सामने आया कि तकनीक के सहारे गुम और चोरी हुए मोबाइल की बरामदगी कर लोगों को राहत पहुंचाई जा सकती है।

Related Articles

Back to top button