खजांची तालाब के विकास के लिए सांसद मनीष जायसवाल का बड़ा कदम, तत्काल 10 लाख रुपये की अनुशंसा का पत्र सौंपा
शहर के प्रसिद्ध खजांची तालाब के विकास को लेकर सांसद मनीष जायसवाल ने त्वरित पहल करते हुए सांसद निधि से 10 लाख रुपये की राशि उपलब्ध कराने से संबंधित पत्र स्थानीय लोगों को सौंपा।

खजांची तालाब के विकास के लिए सांसद मनीष जायसवाल का बड़ा कदम, तत्काल 10 लाख रुपये की अनुशंसा का पत्र सौंपा
मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद तालाब पहुंचे सांसद, स्थानीय लोगों के प्रयासों की सराहना कर विकास कार्यों को दी गति
हजारीबाग: शहर के प्रसिद्ध खजांची तालाब के विकास को लेकर सांसद मनीष जायसवाल ने त्वरित पहल करते हुए सांसद निधि से 10 लाख रुपये की राशि उपलब्ध कराने से संबंधित पत्र स्थानीय लोगों को सौंपा। शुक्रवार की सुबह खजांची तालाब पहुंचे सांसद ने परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया और स्थानीय लोगों के प्रयासों की सराहना की। इस दौरान हजारीबाग के उपमहापौर अविनाश कुमार यादव भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम से पूर्व सांसद मनीष जायसवाल ने तालाब के समीप स्थित मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद तालाब परिसर पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया उपमहापौर अविनाश कुमार यादव का भी लोगों ने स्वागत किया। तालाब परिसर में मंदिर के समीप स्थानीय लोगों द्वारा कराए जा रहे शेड निर्माण कार्य को देखकर सांसद ने इसकी सराहना की।

उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की यह पहल समाज के सामूहिक हित से जुड़ी है। तालाब के समीप बची हुई जगह का उपयोग जनसुविधा के लिए किया जा रहा है, जो प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि यह किसी एक व्यक्ति द्वारा कब्जा करने का मामला नहीं, बल्कि समाज की सुविधा और भलाई के उद्देश्य से किया जा रहा कार्य है। ऐसे सकारात्मक प्रयासों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।

सांसद मनीष जायसवाल ने तत्काल संज्ञान लेते हुए तालाब परिसर के विकास के लिए सांसद निधि से 10 लाख रुपये की अनुशंसा से संबंधित पत्र स्थानीय लोगों को सौंप दिया। इस राशि से लगभग 6,000 वर्गफीट क्षेत्र में पेवर ब्लॉक बिछाने सहित अन्य आवश्यक निर्माण कार्य कराए जाने की योजना है। इससे तालाब परिसर में आने-जाने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।
सांसद ने स्थानीय लोगों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थलों का विकास समाज की जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए। खजांची तालाब शहर का एक महत्वपूर्ण स्थल है और इसके आसपास बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होने से स्थानीय नागरिकों को लाभ मिलेगा। सांसद की त्वरित पहल से स्थानीय लोगों में उत्साह देखा गया। लोगों ने तालाब परिसर के विकास के लिए राशि उपलब्ध कराने की पहल पर सांसद के प्रति आभार जताया।


