हजारीबाग में चोरों का आतंक, दो दिनों में डेढ़ दर्जन दुकानों-मकानों में चोरी, सांसद मनीष जायसवाल ने पुलिस से की त्वरित कार्रवाई की मांग
दीपावली से ठीक पहले हजारीबाग शहरी क्षेत्र में चोरों ने आतंक मचा दिया है। बीते दो दिनों के भीतर शहर के विभिन्न इलाकों में करीब डेढ़ दर्जन दुकानों और मकानों में चोरी की घटनाएं सामने आने से आम लोगों और कारोबारियों में दहशत का माहौल है।

हजारीबाग में चोरों का आतंक, दो दिनों में डेढ़ दर्जन दुकानों-मकानों में चोरी, सांसद मनीष जायसवाल ने पुलिस से की त्वरित कार्रवाई की मांग
सांसद मनीष जायसवाल ने लिया संज्ञान, एसडीपीओ से की बात
त्योहार से पहले छोटे कारोबारियों को बड़ा झटका, कर्ज लेकर दुकान चलाने वालों की पूंजी पर चोरों ने किया हाथ साफ, एसडीपीओ से बात कर रात्रि गश्ती बढ़ाने का दिया निर्देश
हजारीबाग : दीपावली से ठीक पहले हजारीबाग शहरी क्षेत्र में चोरों ने आतंक मचा दिया है। बीते दो दिनों के भीतर शहर के विभिन्न इलाकों में करीब डेढ़ दर्जन दुकानों और मकानों में चोरी की घटनाएं सामने आने से आम लोगों और कारोबारियों में दहशत का माहौल है। झिंझरिया पुल के समीप, मार्खम कॉलेज के पास, झंडा चौक और कानी बाजार क्षेत्र में चोरों ने कई प्रतिष्ठानों एवं घरों को निशाना बनाया है। चोरी की इन घटनाओं से खासकर छोटे कारोबारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

चोरों ने मोची की दुकान, मोबाइल गैजेट्स की दुकान, सब्जी दुकान, पंचर दुकान, जेरॉक्स सेंटर और पान दुकानों सहित कई छोटे प्रतिष्ठानों में हाथ साफ किया। वहीं बरही एसडीओ कार्यालय में कार्यरत एक कर्मी के घर में भी चोरी की घटना सामने आई है। इनमें कई ऐसे छोटे व्यापारी हैं, जिन्होंने कर्ज लेकर अपना कारोबार शुरू किया था। ऐसे में दीपावली से ठीक पहले उनकी मेहनत की कमाई और दुकान की पूंजी पर चोरों का हाथ साफ करना उनके लिए बड़ा आर्थिक आघात है। लगातार हो रही घटनाओं ने शहरवासियों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ने शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के मौसम में इस तरह की घटनाएं बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं। जिन छोटे व्यापारियों ने कर्ज लेकर अपनी दुकानें शुरू की हैं, उनके प्रतिष्ठानों में चोरी होना उनके आर्थिक जीवन पर सीधा प्रहार है। ऐसी घटनाओं से न केवल कारोबारियों को नुकसान होता है, बल्कि आम नागरिकों के बीच भी असुरक्षा और भय का वातावरण बनता है।
सांसद मनीष जायसवाल ने आशंका जताई कि चोरी की घटनाओं का लगातार सामने आना किसी सक्रिय पेशेवर चोर गिरोह की संलिप्तता की ओर संकेत करता है। उन्होंने हजारीबाग पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए सख्त कार्रवाई करने और सभी घटनाओं का शीघ्र उद्भेदन करने की मांग की।
इस संबंध में सांसद मनीष जायसवाल ने सदर पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी रूपक कुमार सिंह से दूरभाष पर बात कर घटनाओं पर तत्काल संज्ञान लेने तथा सक्रिय चोर गिरोह की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने का आग्रह दकिया। सांसद मनीष जायसवाल ने विशेष रूप से रात्रि के समय पुलिस की विजिबिलिटी और गश्ती बढ़ाने की आवश्यकता जताई, ताकि शहर के संवेदनशील इलाकों में पुलिस की नियमित मौजूदगी बनी रहे और चोरी की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। उन्होंने पुलिस प्रशासन से त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आम नागरिकों एवं छोटे कारोबारियों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने की अपेक्षा जताई।




