Breaking Newsझारखण्डटेक्नोलॉजीताजा खबरदुनियादेशराजनीतिलाइफस्टाइललाइव न्यूज़

स्वर्गीय महेन्द्र सिंह की 21वीं पुण्यतिथि पर बगोदर-खम्भरा में श्रद्धांजलि सभा, नेताओं ने लिया संघर्ष को आगे बढ़ाने का संकल्प

भाकपा (माले) के वरिष्ठ नेता और बगोदर विधानसभा के पूर्व विधायक महेन्द्र सिंह की 21वीं पुण्यतिथि शुक्रवार को उनके पैतृक गांव खम्भरा में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई।

स्वर्गीय महेन्द्र सिंह की 21वीं पुण्यतिथि पर बगोदर-खम्भरा में श्रद्धांजलि सभा, नेताओं ने लिया संघर्ष को आगे बढ़ाने का संकल्प

गिरिडीह : मनोज कुमार।

गिरिडीह : भाकपा (माले) के वरिष्ठ नेता और बगोदर विधानसभा के पूर्व विधायक महेन्द्र सिंह की 21वीं पुण्यतिथि शुक्रवार को उनके पैतृक गांव खम्भरा में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। 16 जनवरी 2005 को बगोदर में माओवादियों द्वारा उनकी हत्या कर दी गई थी, जिससे पूरे जिले सहित राज्य की राजनीति में शोक की लहर दौड़ गई थी। इस अवसर को पार्टी ने बलिदान दिवस के रूप में मनाया। पुण्यतिथि भी श्रद्धापूर्वक मनाई गई।

पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भाकपा (माले) के राष्ट्रीय महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य, निरसा विधायक अपूर्व चटर्जी बगोदर के पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह, राजधनवार के पूर्व विधायक राजकुमार यादव, उप प्रमुख हरेंद्र सिंह, प्रखंड सचिव परमेश्वर महतो, गिरिडीह से राजेश सिन्हा सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता, कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने महेन्द्र सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और एक मिनट का मौन रखकर उन्हें याद किया।

श्रद्धांजलि सभा के दौरान “महेन्द्र सिंह तुम जिंदा हो खेतों में, खलिहानों में”, “महेन्द्र सिंह अमर रहें” और “लाल सलाम” जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। वक्ताओं ने महेन्द्र सिंह के संघर्षपूर्ण राजनीतिक जीवन को याद करते हुए कहा कि वे गरीबों, किसानों और मजदूरों की बुलंद आवाज थे। उन्होंने अन्याय, शोषण और उत्पीड़न के खिलाफ आजीवन संघर्ष किया और जनआंदोलनों को मजबूती प्रदान की।
कार्यक्रम के क्रम में बगोदर–सरिया रोड स्थित किसान भवन के पास तथा बगोदर बस पड़ाव में स्थित महेन्द्र सिंह की प्रतिमाओं पर भी माल्यार्पण किया गया। हर स्थान पर बड़ी संख्या में समर्थक और आम लोग मौजूद रहे।

इसके बाद बगोदर बस स्टैंड परिसर में संकल्प सभा का आयोजन किया गया, जहां नेताओं और कार्यकर्ताओं ने महेन्द्र सिंह के अधूरे सपनों को पूरा करने, सामाजिक न्याय, समानता और जनहित की लड़ाई को और तेज करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि महेन्द्र सिंह के विचार आज भी जीवित हैं और संघर्ष के रास्ते पर चलकर ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सकती है।

इधर कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में भाकपा (माले) के राष्ट्रीय महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने आरएसएस और भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि इन संगठनों से देश की आज़ादी और लोकतंत्र को खतरा है। वहीं पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राजधनवार के पूर्व विधायक राजकुमार यादव ने आगामी 12 फरवरी को भारत बंद का आह्वान किए जाने की जानकारी दी और कहा कि बंद को सफल बनाने के लिए तमाम लोग अभियान में जुटे रहेंगे। वही नगर के माले नेता राजेश सिन्हा ने शहादत को याद करते हुए बंद का समर्थन किया।

Related Articles

Back to top button