सुदिव्य कुमार को अंतिम नमन, भावुक हुए झामुमो कार्यकर्ता—अधूरे जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प
गिरिडीह स्थित झामुमो जिला कार्यालय में दिवंगत मंत्री सह गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।

सुदिव्य कुमार को अंतिम नमन, भावुक हुए झामुमो कार्यकर्ता—अधूरे जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : गिरिडीह स्थित झामुमो जिला कार्यालय में दिवंगत मंत्री सह गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। श्रद्धांजलि सभा में पार्टी जिलाध्यक्ष संजय सिंह समेत बड़ी संख्या में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिवंगत नेता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

इस दौरान माहौल पूरी तरह गमगीन नजर आया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने सुदिव्य कुमार के साथ बिताए पलों को याद किया और उनके जनसेवा से जुड़े कार्यों को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया।

झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू ने हमेशा जनता के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। गिरिडीह के विकास के लिए उन्होंने लगातार काम किया और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाया। उनके असामयिक निधन से पार्टी के साथ-साथ गिरिडीह की जनता को भी अपूरणीय क्षति हुई है।
उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार की कमी लंबे समय तक महसूस होती रहेगी। जनसेवा के क्षेत्र में उनके योगदान और उनके संघर्ष को हमेशा याद किया जाएगा। इस दौरान सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि सभा में कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि सुदिव्य कुमार सोनू ने जनहित और गिरिडीह के विकास को लेकर जो सपने देखे थे, उन्हें आगे बढ़ाने के लिए पार्टी पूरी मजबूती से काम करेगी।
मौके पर महापौर प्रमिला मेहरा, उप महापौर सुमित कुमार, शाहनवाज अंसारी, रॉकी सिंह, अभय सिंह, राकेश रंजन सहित बड़ी संख्या में झामुमो नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




