वन महोत्सव पर कल्याणडीह नगर वन के विकास की सौगात, रॉक गार्डन व शहरी पार्क का हुआ शिलान्यास
गिरिडीह वन प्रक्षेत्र अंतर्गत ग्राम कल्याणडीह स्थित नगर वन में रविवार को वन महोत्सव का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया।

वन महोत्सव पर कल्याणडीह नगर वन के विकास की सौगात, रॉक गार्डन व शहरी पार्क का हुआ शिलान्यास
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : गिरिडीह वन प्रक्षेत्र अंतर्गत ग्राम कल्याणडीह स्थित नगर वन में रविवार को वन महोत्सव का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस अवसर पर कल्याणडीह नगर वन को शहरी पार्क एवं रॉक गार्डन के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए पर्यटन सह नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार और महापौर निर्मला मेहरा ने संयुक्त रूप से भूमि पूजन एवं विकास कार्य का शिलान्यास किया।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों के बीच फलदार पौधों एवं जूट के थैलों का वितरण किया गया। साथ ही उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई तथा प्लास्टिक प्रदूषण के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए सिंगल यूज प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

वक्ताओं ने कहा कि अधिक से अधिक पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण जनभागीदारी से ही संभव है। नगर वन को विकसित कर इसे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ पर्यटन और लोगों के मनोरंजन का भी प्रमुख केंद्र बनाया जाएगा।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार, वन संरक्षक सह वन प्रमंडल पदाधिकारी (गिरिडीह पूर्वी वन प्रमंडल) मनीष तिवारी, वन प्रमंडल पदाधिकारी (गिरिडीह पश्चिमी वन प्रमंडल) अंकित कुमार सिंह, नगर आयुक्त विजय सिंह बिरुआ, सहायक वन संरक्षक संजीव कुमार रवि एवं अनिल गुप्ता, मुखिया मो. शब्बीर आलम (तेलोडीह) सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


