रोटरी क्लब गिरिडीह का 69वाँ पदस्थापना समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न, अमित कुमार गुप्ता ने अध्यक्ष पद संभाला
गिरिडीह, रोटरी क्लब गिरिडीह का 69वाँ पदस्थापना समारोह शनिवार देर शाम को होटल संगम गार्डन में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

रोटरी क्लब गिरिडीह का 69वाँ पदस्थापना समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न, अमित कुमार गुप्ता ने अध्यक्ष पद संभाला
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : रोटरी क्लब गिरिडीह का 69वाँ पदस्थापना समारोह शनिवार देर शाम को होटल संगम गार्डन में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह का शुभारंभ गणेश वंदना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3250 की डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन अनु नारंग थीं, जबकि असिस्टेंट गवर्नर रोटेरियन रवि चूड़ीवाला विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह में गिरिडीह नगर निगम की महापौर प्रमिला मेहरा एवं उपमहापौर सुमित कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन रोटेरियन संतोष अग्रवाल ने किया। अतिथियों का स्वागत रोटेरियन विजय सिंह ने स्वागत भाषण के माध्यम से किया, जबकि समारोह के अंत में रोटेरियन प्रकाश सहाय ने सभी अतिथियों, सदस्यों एवं सहयोगियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह के दौरान रोटरी वर्ष 2026-27 के लिए रोटेरियन अमित कुमार गुप्ता ने रोटरी क्लब गिरिडीह के अध्यक्ष तथा रोटेरियन मनीष बर्नवाल ने सचिव पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण किया।

निवर्तमान अध्यक्ष रोटेरियन पियूष मुसद्दी ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए क्लब के सेवा कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सदस्यों को स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। अपने अध्यक्षीय संबोधन में रोटेरियन अमित कुमार गुप्ता ने रोटरी वर्ष 2026-27 की भावी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि क्लब रोटरी के नए संदेश “Create Lasting Impact” को आत्मसात करते हुए समाज के विभिन्न वर्गों तक सेवा कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से पहुँचाएगा।

उन्होंने कहा कि रोटरी गिरिडीह अपने स्थायी सेवा प्रकल्पों—रोटरी नेत्र चिकित्सालय, डायलिसिस सेंटर, फिजियोथेरेपी सेंटर, सहेली सेंटर, एम्बुलेंस सेवा, शव वाहन सेवा एवं आई चेकअप वैन—को और अधिक सशक्त बनाएगा। साथ ही स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, महिला सशक्तिकरण एवं युवा विकास के क्षेत्र में नई परियोजनाएँ प्रारंभ की जाएंगी।

मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अनु नारंग ने अपने प्रेरक उद्बोधन में रोटरी इंटरनेशनल के उद्देश्यों, सेवा कार्यों एवं मानवीय मूल्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि रोटरी केवल एक संगठन नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का वैश्विक अभियान है। उन्होंने सभी रोटेरियन्स से “Service Above Self” की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुँचाने का आह्वान किया तथा रोटरी क्लब गिरिडीह द्वारा वर्षों से किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की।

समारोह में शहर के अनेक गणमान्य नागरिक, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में रोटेरियन्स और उनके परिवारजन उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से राजेंद्र बगड़िया,प्रमोद अग्रवाल,गुणवंत सिंह मोंगिया,प्रदीप डालमिया, डॉ मो आजाद, डॉ विकास लाल, डॉ सज्जन डोकानिया, डॉ शशि भूषण चौधरी,डॉ.आर.आर. केडिया, डॉ विकास माथुर,राजेश जालान,राजन जैन,प्रदीप जैन,विकास बगड़िया,अभिषेक जैन,डॉ. तारक नाथ डे,देवेंद्र सिंह, मनीष तर्वे,आशीष तर्वे,शरद रूंगटा,शंभू जैन, संजय शर्मा,विकास बसईवाला सहित अनेक सम्मानित अतिथियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
समारोह सौहार्द, सम्मान एवं सेवा के संकल्प के साथ संपन्न हुआ



