Breaking Newsझारखण्डटेक्नोलॉजीताजा खबरदुनियादेशलाइफस्टाइललाइव न्यूज़

राशन डीलरों का हल्लाबोल: मांगें पूरी नहीं हुईं तो अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर फेडरेशन के आह्वान पर गिरिडीह में पीडीएस राशन डीलरों का आंदोलन मंगलवार को और तेज हो गया।

राशन डीलरों का हल्लाबोल: मांगें पूरी नहीं हुईं तो अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

गिरिडीह, मनोज कुमार।

गिरिडीह : ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर फेडरेशन के आह्वान पर गिरिडीह में पीडीएस राशन डीलरों का आंदोलन मंगलवार को और तेज हो गया। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर संघ के बैनर तले सैकड़ों राशन डीलरों ने एक दिवसीय धरना दिया। इसके बाद डीलरों ने हाथों में मांगों से संबंधित तख्तियां लेकर पदयात्रा निकाली और समाहरणालय परिसर पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के बाद संघ का एक शिष्टमंडल गिरिडीह उपायुक्त से मिला और उन्हें सात सूत्री मांग पत्र सौंपा। डीलरों ने स्पष्ट कहा कि लंबे समय से उनकी मांगों की अनदेखी की जा रही है, जिससे आर्थिक परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। कमीशन से लेकर 50 हजार मासिक आय तक की मांग उपायुक्त को सौंपे गए मांग पत्र में सभी प्रकार के लंबित कमीशन का भुगतान, राशन डीलरों के लिए न्यूनतम 50 हजार रुपये मासिक आय की गारंटी, पेपरलेस व्यवस्था को लेकर पत्र निर्गत करने,

रिपेयरिंग के नाम पर डीलरों के कथित दोहन पर रोक लगाने, गीता मेटल को ब्लैकलिस्ट करने तथा दुकानों तक खाद्यान्न कम से कम एक माह पहले पहुंचाने समेत सात मांगें शामिल हैं।

डीलरों का कहना है कि कमीशन का भुगतान लंबे समय से लंबित रहने के कारण उनके सामने आर्थिक संकट की स्थिति बनी हुई है। उनका तर्क है कि जब जन वितरण प्रणाली पूरी तरह ऑनलाइन हो चुकी है, तो इसके बावजूद खाता-बही और अनावश्यक कागजी प्रक्रिया का दबाव उचित नहीं है। डीलरों ने ऑनलाइन व्यवस्था के अनुरूप कागजी प्रक्रिया को कम करने की मांग की।

मांग नहीं मानी तो जिलेभर में बंद हो सकती हैं राशन दुकानें संघ ने जिला प्रशासन को साफ चेतावनी दी है कि यदि समय रहते उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई, तो जिलेभर के पीडीएस डीलर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे। इससे आने वाले दिनों में जन वितरण प्रणाली की व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।

धरना और पदयात्रा में जिला अध्यक्ष राजेश बंसल, हरिमोहन कन्धे, अमित कुमार, राम रतन राम, कृष्णानंद सिंह, दीपक पांडे, राजेश राज, केदार बरनवाल, निशा सिंह, शीला वर्मा, सोनाली किस्कू समेत बड़ी संख्या में पीडीएस डीलर मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button