राँची : एफएसएसएआई के एक्शन की खबरों के बीच बिसलेरी ने जारी किया बयान, कहा- हमारा पानी पूरी तरह सुरक्षित
पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर बनाने वाली प्रमुख कंपनी बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड ने भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण द्वारा कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई (अभियोजन) की मंजूरी देने संबंधी खबरों पर अपना आधिकारिक पक्ष रखा है

राँची : एफएसएसएआई के एक्शन की खबरों के बीच बिसलेरी ने जारी किया बयान, कहा- हमारा पानी पूरी तरह सुरक्षित
राँची : पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर बनाने वाली प्रमुख कंपनी बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड ने भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण द्वारा कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई (अभियोजन) की मंजूरी देने संबंधी खबरों पर अपना आधिकारिक पक्ष रखा है. कंपनी ने साफ किया है कि यह मामला करीब 14 महीने पुराना है और उनके उत्पाद पीने के लिए पूरी तरह सुरक्षित हैंमीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बिसलेरी के पैकेज्ड पानी का एक सैंपल सुरक्षा जांच में फेल होने के बाद FSSAI ने खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की मंजूरी दी थी. इन खबरों के सामने आने के बाद बिसलेरी ने बयान जारी कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी है.

कंपनी के अनुसार, यह मामला सितंबर 2025 में गोवा स्थित उनके मैन्युफैक्चरिंग प्लांट (जो देशभर में उनके 143 प्लांट्स में से एक है) में बने एक बैच से जुड़ा है.
पहली जांच : 30 सितंबर 2025 को FSSAI ने गोवा प्लांट से पानी के 6 सैंपल लिए थे. शुरुआती जांच में 5 सैंपल सभी तय मानकों पर खरे उतरे, जबकि छठे सैंपल में ‘ब्रोमेट’ का स्तर 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर पाया गया (जिसकी तय सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है)
दोबारा जांच : इस रिपोर्ट के बाद बिसलेरी ने 22 नवंबर 2025 को अपील दायर की, जिस पर FSSAI ने सैंपल को रेफरल लैब में दोबारा जांच के लिए भेजा. इस दूसरी जांच में ब्रोमेट का स्तर तय सीमा के भीतर पाया गया, लेकिन लैब ने सैंपल में ‘पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन’ होने की बात कही.
लैब की रिपोर्ट: दोनों जांच रिपोर्ट्स में आए अंतर के बाद बिसलेरी ने स्पष्टीकरण के लिए उसी सैंपल की स्वतंत्र रूप से एक FSSAI-मान्यता प्राप्त लैब में जांच करवाई, जहां ब्रोमेट तय सीमा के भीतर ही मिला.
बिसलेरी ने बताया कि उन्होंने स्वतंत्र लैब की जांच रिपोर्ट और एक औपचारिक पत्र 2 फरवरी 2026 को FSSAI के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय में जमा कर दिया था। कंपनी के मुताबिक, इसके बाद उन्हें FSSAI की ओर से कोई जवाब नहीं मिला और उन्होंने मान लिया कि मामला बंद हो चुका है. कंपनी ने यह भी कहा कि उन्हें आज तक न तो ईमेल से और न ही डाक से कोई नोटिस मिला है, और न ही FSSAI की वेबसाइट पर ऐसा कोई नोटिस दिख रहा है.
अपने बयान के अंत में बिसलेरी ने कहा कि पीने के पानी की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. कंपनी अपनी 10-चरणीय निर्माण प्रक्रिया के दौरान 90 से अधिक कड़े गुणवत्ता परीक्षण (क्वालिटी टेस्ट) करती है. बिसलेरी ने आश्वासन दिया कि वे नियामक प्रक्रिया के तहत FSSAI का पूरा सहयोग करेंगे और वर्षों से भरोसेमंद रहा बिसलेरी का पानी पीने के लिए पूरी तरह सुरक्षित है.



