मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर बड़ी पहल: तमिलनाडु गैस रिसाव के बाद गिरिडीह के प्रवासी श्रमिक सकुशल लौटे, सरकार ने घर पहुंचाकर शुरू की सहायता l
तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले स्थित सेंट पीटर्स एंड पॉल सेफ्टेक्स एक्सपोर्ट फैसिलिटी में 21 जून को हुए अमोनिया गैस रिसाव के बाद झारखंड सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभावित प्रवासी श्रमिकों की सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित की।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर बड़ी पहल: तमिलनाडु गैस रिसाव के बाद गिरिडीह के प्रवासी श्रमिक सकुशल लौटे, सरकार ने घर पहुंचाकर शुरू की सहायता
गिरिडीह : मनोज कुमार।
गिरिडीह : तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले स्थित सेंट पीटर्स एंड पॉल सेफ्टेक्स एक्सपोर्ट फैसिलिटी में 21 जून को हुए अमोनिया गैस रिसाव के बाद झारखंड सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभावित प्रवासी श्रमिकों की सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित की। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग, राज्य नियंत्रण कक्ष, तमिलनाडु प्रशासन और रेलवे के समन्वित प्रयास से झारखंड के कुल 42 प्रवासी श्रमिकों को सकुशल वापस लाया गया।

इसी क्रम में गिरिडीह जिले के तीन प्रवासी श्रमिक—सुंदर राम किरकू, जितेन्द्र बेसरा और लखीधर मुर्मू—गुरुवार को सुरक्षित अपने गृह जिले पहुंचे। गिरिडीह पहुंचने पर सहायक श्रमायुक्त एवं श्रम अधीक्षक कार्यालय की ओर से उनका स्वागत किया गया। इसके बाद जिला प्रशासन ने सरकारी वाहन से उन्हें सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाने की व्यवस्था की।

प्रशासन ने बताया कि लौटे हुए सभी श्रमिकों को श्रम विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, ताकि उन्हें सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा से जुड़े सभी सरकारी लाभ समय पर मिल सकें।
उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि झारखंड सरकार प्रवासी श्रमिकों की सुरक्षा, सम्मान और कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। किसी भी आपात स्थिति में जिला प्रशासन और श्रम विभाग समन्वय स्थापित कर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने कहा कि गिरिडीह लौटे सभी श्रमिकों को नियमानुसार सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा, जिससे वे सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा के दायरे में आ सकें।
जिला प्रशासन ने कहा कि यह पहल राज्य सरकार की प्रवासी श्रमिकों के प्रति संवेदनशीलता और उनकी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।




