मासिक अपराध गोष्ठी में एसपी ने दिए सख्त निर्देश, अनसुलझे मामलों के लिए बनेगा विशेष Investigation Cell l
पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार की अध्यक्षता में पुलिस कार्यालय स्थित सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया।

मासिक अपराध गोष्ठी में एसपी ने दिए सख्त निर्देश, अनसुलझे मामलों के लिए बनेगा विशेष Investigation Cell l
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार की अध्यक्षता में पुलिस कार्यालय स्थित सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, लंबित मामलों की समीक्षा तथा आगामी मुहर्रम पर्व को लेकर सुरक्षा तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, पुलिस उपाधीक्षकों, अंचल पुलिस निरीक्षकों तथा थाना एवं ओपी प्रभारियों को लंबित कांडों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अनुसंधान कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिले में लंबित और अनसुलझे मामलों के त्वरित उद्भेदन के लिए जिला स्तर पर एक विशेष Investigation Cell (अनुसंधान विंग) का गठन किया गया है। यह सेल गंभीर एवं अनुद्भेदित कांडों की निगरानी कर उनके शीघ्र निष्पादन की दिशा में कार्य करेगी।
बैठक में वारंट एवं कुर्की के निष्पादन, लंबित पासपोर्ट सत्यापन और चरित्र सत्यापन से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया गया। साथ ही न्यायालय से संबंधित लंबित कार्यों को समय पर निष्पादित करने पर भी जोर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने आम जनता से प्राप्त शिकायतों एवं विभिन्न आयोगों से प्राप्त पत्रों का संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को जनसरोकारों के प्रति सजग रहने तथा पब्लिक फ्रेंडली पुलिसिंग को बढ़ावा देने का निर्देश दिया।
आगामी मुहर्रम पर्व को देखते हुए जिले की सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने कहा कि गिरिडीह पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा, कानून व्यवस्था के प्रभावी संचालन तथा न्याय प्रक्रिया को सरल, सुगम और त्वरित बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।





