मनरेगा को कमजोर करने के खिलाफ भाकपा (माले) का गिरिडीह समाहरणालय में एकदिवसीय धरना राष्ट्रपति के नाम एसी को सौंपा गया ज्ञापन
मनरेगा को कमजोर किए जाने के प्रयासों के विरोध में भाकपा (माले) ने सोमवार को गिरिडीह जिला मुख्यालय में एकदिवसीय धरना–प्रदर्शन किया।

मनरेगा को कमजोर करने के खिलाफ भाकपा (माले) का गिरिडीह समाहरणालय में एकदिवसीय धरना
राष्ट्रपति के नाम एसी को सौंपा गया ज्ञापन
16 जनवरी को शहीद कॉमरेड महेंद्र सिंह की शहादत दिवस पर होगा जोरदार प्रदर्शन
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : मनरेगा को कमजोर किए जाने के प्रयासों के विरोध में भाकपा (माले) ने सोमवार को गिरिडीह जिला मुख्यालय में एकदिवसीय धरना–प्रदर्शन किया। धरना के माध्यम से पार्टी ने मनरेगा को मजबूत करने, न्यूनतम 200 दिन का काम सुनिश्चित करने, 600 रुपये प्रतिदिन मजदूरी लागू करने तथा जीरामजी (GRMJ) को खारिज करने की मांग की।

धरना को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार मनरेगा को चरणबद्ध तरीके से कमजोर कर रही है। रोजगार के अधिकार सीमित किए जा रहे हैं और फंडिंग पैटर्न में बदलाव कर राज्यों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। जॉब कार्ड रैशनलाइजेशन, अनिवार्य डिजिटल उपस्थिति और मजदूरी भुगतान में देरी से मजदूरों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

पूर्व विधायक राजकुमार यादव ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार जनविरोधी नीतियां अपना रही है। मनरेगा मजदूरों के साथ धोखा किया जा रहा है। किसान, छात्र, महिलाएं—सभी वर्ग सरकार की नीतियों से परेशान हैं। उन्होंने राज्य सरकार से भी इस मुद्दे पर संज्ञान लेने की मांग की और कहा कि जनता को जागरूक होकर बड़े आंदोलन की जरूरत है।

नेताओं ने मांग की कि मनरेगा को सार्वभौमिक बनाया जाए, कम से कम 200 दिन का रोजगार सुनिश्चित किया जाए तथा बेरोजगारी भत्ता और काम में देरी के मुआवजे का बोझ राज्यों पर डालने की नीति वापस ली जाए।
धरना के बाद भाकपा (माले) के प्रतिनिधिमंडल ने अपर समाहर्ता (एसी) विजय सिंह बिरुवा को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।

कार्यक्रम में भाकपा (माले) के जिला सचिव अशोक पासवान, पूर्व विधायक राजकुमार यादव, राज्य कमेटी सदस्य परमेश्वर महतो, राजेश सिन्हा, पुरन महतो, जिला परिषद सदस्य उस्मान अंसारी, मुस्तकीम अंसारी, बिरनी प्रखंड सचिव शेखर शरण दास सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

महिला नेताओं में मीणा दास, पूनम महतो, सरिता महतो सहित कई कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के अंत में माले नेता राजेश सिन्हा ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
पार्टी ने ऐलान किया कि 16 जनवरी को शहीद कॉमरेड महेंद्र सिंह की शहादत दिवस पर जोरदार विरोध प्रदर्शन और जनसभा का आयोजन किया जाएगा।


