फूड सेफ्टी व्हीकल को उपायुक्त ने किया रवाना, ठेला-खोमचा के खाद्य पदार्थों की होगी नियमित जांच l
जनस्वास्थ्य की सुरक्षा और लोगों को स्वच्छ एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है।

फूड सेफ्टी व्हीकल को उपायुक्त ने किया रवाना, ठेला-खोमचा के खाद्य पदार्थों की होगी नियमित जांच l
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : जनस्वास्थ्य की सुरक्षा और लोगों को स्वच्छ एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। मंगलवार को समाहरणालय परिसर से उपायुक्त रामनिवास यादव ने फूड सेफ्टी व्हीकल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान सिविल सर्जन डॉ बच्चा प्रसाद सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अनिता कुजूर एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ राजा कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

इस विशेष फूड सेफ्टी व्हीकल के माध्यम से जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में ठेला, खोमचा और सड़क किनारे खाद्य सामग्री बेचने वाले दुकानदारों के खाद्य पदार्थों की नियमित जांच की जाएगी। खासकर गुपचुप, पानीपुरी, चाट, छोला और फास्ट फूड जैसे खुले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच होगी।
मौके पर उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ किसी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में बच्चे, युवा और आम नागरिक सड़क किनारे बिकने वाले खाद्य पदार्थों का सेवन करते हैं, इसलिए खाद्य सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित जांच अभियान चलाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने बताया कि फूड सेफ्टी व्हीकल आधुनिक जांच उपकरणों से सुसज्जित है, जिससे मौके पर ही कई खाद्य पदार्थों की प्राथमिक जांच संभव होगी। इससे मिलावटी और अस्वच्छ खाद्य सामग्री की पहचान तेजी से की जा सकेगी।
सिविल सर्जन डॉ बच्चा प्रसाद सिंह ने कहा कि गर्मी के मौसम में खुले और दूषित खाद्य पदार्थों के सेवन से फूड पॉइजनिंग सहित कई बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में यह अभियान लोगों को जागरूक करने के साथ खाद्य सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू करने में अहम भूमिका निभाएगा।
जिला प्रशासन ने सभी खाद्य विक्रेताओं से स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा आवश्यक लाइसेंस एवं पंजीकरण कराने की अपील की है। वहीं आमजनों से भी स्वच्छ और सुरक्षित खाद्य पदार्थों का सेवन करने तथा किसी भी गड़बड़ी की सूचना प्रशासन को देने की अपील की गई है।




